रविवार, 17 अगस्त 2014

जै सियाराम जिया......

बहुत दिन से लिखना चाह रही थी उन पर...
शायद जून से ही, जब से मिली तब से ही....
छोटा क़द, गोल-मटोल शरीर, गोरा रंग, चमकदार चेहरा, बड़ी-बड़ी मुस्कुराती आंखें,  माथे पर गोल बड़ी सी सिन्दूरी बिंदी, गले में एक रुद्राक्ष की  और एक स्फ़टिक की माला. सीधे पल्ले की साड़ी. उम्र यही कोई पचपन या छप्पन साल. लेकिन मानती खुद को बड़ा-बुज़ुर्ग हैं. ये है उनकी धज.
उनके आने से पहले उनकी आवाज़ सुनाई देने लगती-
" जै सियाराम भौजी.... बैठीं हौ? बैठौ-बैठो. "
"जै राम जी की बेटा.. खूब पढो, खूब बढो...."
हम जान जाते कि पाठक चाची आ गयीं. कुछ मिनटों में ही वे दरवाज़े पर दिखाई देतीं.
"जिया, जै सियाराम. कैसी तबियत है आज? मौं तौ कुल्ल चमक रऔ..."
जवाब का इन्तज़ार किये बिना ही नल की तरफ़ बढ़ जातीं और हाथ-पैर धो के भीतर आतीं.
" चलौ बताऔ बेटा का बननै  है. अच्छा चलो रान्दो. हम देख लैहें. काय जिया, जे लौकी काय हां सूख रई? ऐई हां काट लंय का? हम तौ काटै लै रय. और कछू खानै होय, सो वौ सोई बता दियो बेटा हरौ. "
मम्मी शायद कोई और सब्जी बताने वाली थीं, लेकिन लौकी के बारे में उनका फ़ैसला सुन के चुप हो गयीं. तक़लीफ़ में भी मुस्कुरा दीं .
" काय बेटा हरौ, बताऔ नैंयां तुम औरन ने. फिर कैहो का बना दऔ चाची ने. अच्छा रान्दो. हम बना लैहैं तुम औरन की पसन्द कौ  कछू."
खुद सवाल करतीं और खुद ही उसका हल भी खोज लेतीं. हम बस हां में  सिर हिलाते रह जाते.
रसोई में मैं श्री के लिये दूध लेने पहुंची, प्रेमा बर्तन रखने और पाठक चाची तो पहलेई से आटा गूंध रही थीं, तो प्रेमा ने कहा-
" चौका ( किचन) में जगह कम सी है. है नई जिज्जी? "
" काय? कितै कम है? को कै रऔ ? इत्ती बिलात जांगा पड़ी है, तुमै नईं दिखात का? काय की कमी? सबरौ काम हो रऔ  न? खाना बन रऔ न? फिर काय की कमी?  ऐन है खूब बड़ौ है. वौ नैयां छोटो. "
बगल में खड़ी मैं सोचने लगी... यही फ़र्क़ है दो लोगों की सोच का..एक ही जगह के बारे में. एक को कम जगह दिख रही, एक को जगह ही जगह दिखाई दे रही!!
साढे नौ बजे खाना बन के तैयार हो गया.
मम्मी ने कहा- खाना खा के जाना आप
उन्होंने कहा- " अरे आंहां जिया. आज न खैहैं . अबै भागवत सुनवे जाने है. उतै नींद न आहै फिर?  खाना कौ का है, काल खा लैहैं, परौं खा लैहैं..  तुम चिन्ता जिन करौ जिया. चलो जै सिया राम...."
उस दिन दोपहर का खाना बनाने के बाद थोड़ा समय था उनके पास. बैठ गयीं हम सबके बीच. मैने पूछा-
"चाची,  जब शादियों का सीजन होता है, तब तो आप शादी वाले घर में भी जाती हैं, खाना बनाने, तब घर का खाना कौन बनाता है? कोई है घर में या आप ही जा के बनाती हैं?"
तपाक से बोलीं-" अरे बेटा. जे हमाय पंडित जी पैलां मिठयागिरि करत हतै. इतईं बस अड्डे पे उनकी दुकान हती. सो वे तो सब कछू बना लेत :) अबै खुदई वे रोजई रात कौ खाना बना के धरत हैं ."
 फिर भी हमारी जिज्ञासा शांत नहीं हुई. पूछा-
" घर में बहुएं हैं चाची?"
"हओ . काय नैंयां? चार मौड़ा हैं हमाय. लेकिन बेटा भगवान कौ दऔ सब कछू है हमाय पास. जे खाना तौ हम अपने हाथ-गोड़ चलत रंय, ईसैं आ बनाउत. हमने लड़कन की शादी कर-कर कैं तीनन खौं दो-दो कमरा दै दय.  कि अपनौ बनाऔ -खाऔ . समारो अपन-अपनी गिरस्ती. अब हमाय पास सोई दो कमरा बचे. सो हम दोई जनन के लाने खूब हैं. दो गैंयां हैं. खेती से दो ट्रॉली गल्ला आउत है. सो भर देत हैं कोठा में. खेती अबै बांटी नैंयां. जिये जित्तो अनाज चाने, लै जाओ भाई. भर लो बोरी अब बस छोटो पढ रऔ पालीटेक्नीक में."
चकित हो गयी उनकी समझदारी पर.
फिर छेड़ा- " कभी आपको नहीं लगता कि बहुएं आपकी सेवा करें?"
" आंहां बेटा. काय हां लगने? और हां, करती हैं वे सेवा. खूब करती हैं. अपनौ अपनौ घर संभार रही न? जेई तो सेवा आय. और का करवानै हमें? सोचो, जब हम बहू हतै, तो हमें कैसो लगत तो? वैसई तो आय इन औरन कौ हाल .सब अच्छे हैं बेटा बहुत अच्छे "
कभी उनके मुंह से कोई नकारात्मक बात निकलती ही नहीं...हर हाल में खुश. किसी चीज़ की कमी उन्हें लगती नहीं. थकान उनके पास फटकती नहीं. लालच किसी चीज़ का है नहीं. हम कहते पच्चीस रोटियां सेंकियेगा ( हम सब बहनें और बच्चे इकट्ठे होते हैं न) तो वे कहतीं- " न. पच्चीस नहीं हम तीस रोटी सेंकेगें. बच्चन कौ घर है. का जाने कब किये भूख लग आये" . रात दस बज जाते तो हम कहते, आपको अकेले जाना है चाची इत्ती दूर, चलिये हम छोड़ आयें घर तक. तो कहतीं-
 " आंहा बेटा. हमें तो जाने कितेक साल हो गये ऐसई आत-जात. हमाय संगै तो वे भगवान चलत आंगे-आंगे."
 एक दिन हमने पूछा- " चाची आप की उम्र तो ज्यादा नहीं लगती" तो उनका गोरा चेहरा  लाल गया. बोलीं- " बेटा अब हमें अपनी उमर तौ पता नैयां,लेकिन पंडित जी सैं हम पन्द्रा साल के छोटे हैं. जब हमाओ ब्याऔ भऔ तौ तो हम दस साल के हतै और पंडित जी पच्चीस साल के.औ अब पंडित जी तो सत्तर के ऊपर गिर गये... सो तुमई लगा लो हमाई उमर..."
जै सियाराम जिया....... वो चली गयीं और हम आज तक पंडित जी के सत्तर के ऊपर गिरने का मज़ा ले रहे...

बुधवार, 30 जुलाई 2014

गुजरना ईद का..........

बहुत दिन हुए, कुछ लिखना न हो पा रहा...
आज एक पुरानी पोस्ट पढवाने का मन है. ये पोस्ट 2009 की है, सो निश्चित रूप से आप भूल चुके होंगे
 गुजरना ईद का.........

मेरा बचपन जिस स्थान पर गुज़रा वह मध्य-प्रदेश का एक छोटा लेकिन सुंदर सा क़स्बा है-नौगाँव। कस्बा आबादी के लिहाज़ से लेकिन यह स्थान पूर्व में महत्वपूर्ण छावनी रह चुकी है। आज भी यहाँ पाँच हज़ार के आस-पास आर्मी है और अपने क्लाइमेट के कारण आर्मी अफसरों की आरामगाह है। लम्बी ड्यूटी के बाद अधिकारी यहीं आराम करने आते हैं। यहाँ का मिलिट्री इंजीनियरिंग कॉलेज बहुत माना हुआ कॉलेज है। मगर मैं ये सब क्यों बता रही हूँ? मैं तो कुछ और कहने आई थी....हाँ तो मैं कह रही थी की हम जब नौगाँव पहुंचे तो हमारे यहाँ काम करने जो बाई आई उसका नाम चिंजी बाई था। बहुत हंसमुख और खूबसूरत। पाँच बच्चे थे उसके। चिंजीबाई की आदत थी की जब भी कोई त्यौहार निकल जाता तब लम्बी आह भर के कहती - " दीवाली-दीवाली-दीवाली, लो दीवाली निकल गई।" इसी तरह -" होली-होली होली लो होली निकल गई।"

पता नहीं क्यों आज जबकि ईद को निकले पाँच दिन हो गए हैं,बाई बहुत याद आ रही है। मन बार-बार ' "ईद -ईद-ईद लो ईद निकल गई" कह रहा है....कुछ उसी तरह आह भर के जैसे चिंजी बाई भरा करती थी। मेरी माँ दिल खोल कर देने वालों में हैं लेकिन हो सकता है की चिंजी बाई की हर त्यौहार पर अपेक्षाएं उससे भी ज़्यादा रहतीं हों, जिनके अधूरेपन का अहसास, उसकी उस लम्बी आह भरती निश्वास में रहता हो। क्योंकि इधर कई सालों से ईद पर ऐसा ही खाली पन मुझे घेरता है। और मन बहुत रोकने के बाद भी पीछे की ओर भाग रहा है.......

याद आ रहीं है वो तमाम ईदें, जिन पर हमने भी नए कपडे पहने थे...ईदी मिलने का इंतज़ार किया था.......मीठी सेंवई खाई थी..... और कभी सोचा भी नहीं था की ये त्यौहार मेरा नहीं है। शाम को हम पापा के साथ दबीर अली चाचा के घर सजे-धजे पूरे उत्साह के साथ जाते, सेंवई पर हाथ साफ़ करते और चाचा से ईदी ऐंठते। शम्मोबाजी से लड़ाई लड़ते और चच्ची से डांट खाते।

मेरी मम्मी जब पन्ना में बीटीआई की ट्रेनिंग कर रहीं थीं, तब वे एक मुस्लिम परिवार के यहां किरायेदार के रूप में रहीं वो परिवार भी ऐसा जिसने मेरी मां को हमेशा घर की बेटी के समान इज़्ज़त दी। इतना प्यार दिया जितना शायद मेरे सगे मामा ने भी न दिया हो। लम्बे समय तक हम जानते ही नहीं थे कि पन्ना वाले मामा जी हमारे सगे मामा नहीं हैं। चूंकि उनका नाम हमने कभी लिया नहीं और पूछने की कभी ज़रूरत समझी नहीं। वैसे भी वे हमारे मूर्ख-मासूमियत के दिन थे। किसी के नाम-काम से हमें कोई मतलब ही नहीं होता था। मां ने बताया ये तुम्हारे मामा-मामी हैं बस हमारे लिये ये सम्बोधन ही काफ़ी था।

रमज़ान के दौरान जब कभी मामी नौगांव आतीं तो मेरी मम्मी उनके लिये सहरी और इफ़्तार का बढिया इन्तज़ाम करतीं। साथ में खुद भी रोज़ा रहतीं। एक दिन मैने मामी को नमाज़ पढते देख पूछा- मामी आप मन्दिर नहीं जायेंगी? कमरे में ही पूजा कर लेंगीं? तो मेरी मामी ने बडे प्यार सेसमझाया था-’बेटा, भगवान का वास तो हर जगह है, वे तो इस कमरे में भी हैं तब मुझे मन्दिर जाने की क्या ज़रूरत है?" पता नहीं मेरे नन्हे मन पर इन शब्दों का क्या जादू हुआ कि आज भी मन्दिर जा कर या पूजा-घर में बैठ कर ही पूजा करने के प्रति मेरा लगाव हुआ ही नहीं।

हमारे ये दोनों परिवार सुख-दुख में हमेशा साथ रहे और आज भी साथ हैं। मामा के परिवार की एक भी शादी हमने चूकने नही दी और हमारे यहां के हर समारोह में वे सपरिवार शामिल हुए । आज भी दोनों परिवार उतने ही घनिष्ठ रिश्तों में बंधे हैं। आज रिश्तों की अहमियत ही ख़त्म होती जा रही है। हमारे पड़ोसी भी "चाचा-चाची " होते थे , आज सगे चाचा भी "अंकल" हो गए हैं। मुझे बड़ा अटपटा लगता है जब कोई भी बच्चा बताता ही की उसके अंकल की शादी है या उसे लेने अंकल आयेंगे....आदि । कई बच्चों को तो मैं समझाइश भी दे चुकी हूँ कि वे अपने चाचा को अंकल न कहा करें। लेकिन अब अपने आप को रोक लेती हूँ। किसी दिन कोई कह न दे कि 'आप कौन होती हैं हमारे संबोधनों में संशोधन करने वालीं?'

बात ईद से शुरू की थी और रिश्तों पर ख़त्म हो रही है, मन भी कहाँ-कहाँ भटकता है!

तो बात ईद की कर रही थी तो आज ईद हो या दीवाली या कोई और त्यौहार, वो पहले वाली बात रही ही नहीं। त्योहारों को लेकर उत्साह जैसे ख़त्म होता जा रहा है। रस्म अदायगी सी करने लगे हैं लोग। कोई कहे की मंहगाई के कारण ऐसा हुआ हा तो मैं यह बात सिरे से खारिज करूंगी। जितनी मंहगाई है उतनी ही तनख्वाहें भी तो हैं। पहले की कीमतें कम लगतीं हैं तो वेतन कितना होता था? तब भी लोग इतने उत्साह के साथ हर त्यौहार का इंतज़ार क्यों करते थे? आज हमारे अपने मन उत्साहित नहीं हैं। शायद माहौल का असर हम पर भी पड़ने लगा है।

रविवार, 16 मार्च 2014

बड़ी मुश्किल है भाई…....



बड़ी मुश्किल है भाई….

कोई त्यौहार आया नहीं कि मेरा बचपन मुझ पर पहले हाबी होने लगता है. पता नहीं क्यों L
आज होली है तो मन फिर अपने बचपन की होलियों की तरफ़ भाग रहा. अब समझ में आ रहा कि बड़े लोग हम बच्चों को हमेशा ये क्यों कहते रहते थे, कि - अरे जब हम छोटे थे तो ऐसा होता था, वैसा होता था…… :( आज जब मैं बड़ों की श्रेणी में हूं, तो मैं भी तो वही कर रही…………. :(
लेकिन सचमुच, बहुत अच्छा लगता है गुज़रा ज़माना याद करना…… तब मैं बहुत छोटी थी लेकिन त्यौहारों पर होने वाली तैयारियों में पूरी तरह शरीक़ होना चाहती थी, और मेरी मम्मी हम बहनों को शामिल करती भी थीं. सबके हिस्से में काम बंटे होते थे. होली पर तो कुछ ज़्यादा ही तैयारियां होती थीं. बुंदेलखंड के हमारे शहर  में उस समय होली के दस दिन पहले से तैयारियां शुरु हो जाती थी. जितनी तैयारियां घर में होती उतनी ही बाहर भी होती रहतीं.
घर में दस दिन पहले गोबर के गोलाकार “बरूले” बनाने होते थे. गाय के गोबर से गोल-गोल पेड़ा बना के उसके बीच में छेद किया जाता था. ऐसे ११ या २१ बरूले बनाये जाते. दो दीपकों को जोड़ के उसके ऊपर गोबर लगा के नारियल बनाया जाता. ये सब सूखने के लिये छत के कोने में रख दिये जाते धूप में खूब कड़क हो जाने के लिये. मिट्टी का एक छोटा सा चूल्हा  हमारी चिंजीबाई ने बनाया था, जो पोर्टेबल था. कहीं भी उठा के रख लो. इस चूल्हे में होली की आग रखी जाती थी.
तो “बरूले बनाने का काम छोटी दीदी का था. मैने ज़िद की कि मुझे भी काम चाहिये, तो मम्मी ने कहा कि छोटी दी के साथ बरूले बनबाऊं… उफ़्फ़…. बरूले!!! मुझे तो गोबर छूने में बड़ी घबराहट होती थी  :(  मम्मी जानती थीं सो मेरे मज़े ले रहीं थीं. खैर मैने दीदी को इस बात के लिये मना लिया कि मैं तैयार बरूलों में लकड़ी की मदद से गोल-गोल छेद करती जाऊं  :(  अरे यार….  ये काम तो बहुत जल्दी हो गया अब क्या करूं? अन्दर गयी, तो देखा मम्मी लड्डू बना रही हैं, और बड़ी दीदी उनके साथ मदद कर रही हैं, यानि दोनों लोग लड्डू बना रही थीं. मैने भी बनवाने चाहे तो मम्मी ने बने हुए लड्डू थाली में गोलाइयों से सजाने को कह दिया L ये अलग बात है कि मुझे लड्डू कायदे से सजाने का मौका ही नहीं मिल रहा था, कारण, मम्मी खुद ही बनाये गये लड्डू सलीके से रख रही थीं. दूसरा काम करने की ज़िद की , तो मम्मी ने मठरी काटने का काम दे दिया. एक बड़ी और मोटी से मैदे की पूड़ी बेल के मुझे दे दी और कहा कि एक जैसे आकार की मठरी  काटूं. मुश्किल था ये काम, लेकिन अब जब मांगा था, तो करना भी था वो भी कायदे से. किया भी. लेकिन थोड़ी देर बाद देखा कि मम्मी ने मेरी काटी पूरी मठरी  बिगाड़ के फिर से गुंथे हुए मैदे में तब्दील कर दी थी :(
मन उदास हो गया  :( :( :(  कितने जतन से मठरी काटी थी. चाकू से हाथ बचा-बचा  के…फिर भी बिगाड़ दी गयी… बच्चों के काम की कोई कीमत ही नहीं L सोचा बाहर मोहल्ले के बड़े भैया लोगों की मदद करूं, जो होलिका लगाने की तैयारी कर रहे थे.
होलिका भी हमारे यहां एक ही दिन में नहीं लगायी जाती थी. बल्कि दस दिन पहले होली के लिये लकड़ियां जुटाने का काम शुरु हो जाता था. होलिका-दहन वाले दिन बड़े सबेरे से लड़के दहन-स्थल पर चारों तरफ़ से हरी-पीली झंडियां लगाते. होलिका भी खूब बड़ी सजायी जाती. आखिर लगभग पूरा शहर आता था यहां पूजा करने.
गोबर से बनाये गये बरूले इन दस दिनों में सूख जाते, तब उन्हें एक सुतली में पिरोया जाता.  माला बन जाती उनकी. हर घर में इस दिन तक तमाम पकवान भी बन के तैयार हो जाते. होलिका के पूजन में हर तरह का व्यंजन लोग लाते, बरूलों की माला लाते. कायदे से महिला-पुरुष सब होलिका का पूजन करते, पूरी होलिका बरूलों की मालाओं से ढंक जाती…लकड़ियां दिखनी बंद. और मुहूर्त के अनुसार होलिका-दहन होता. रात में ही लोग होली की आग में हाथ सेंकते, गेंहूं की बालियां और हरे चने के झाड़ भूनते.  सुबह पहला काम होता होली की आग ला के मिट्टी के चूल्हे में रखना. मम्मी इस चूल्हे में पहले से कंडे लगा के रखतीं. अब होलिका की आग से सुलगे इस चूल्हे पर दूध गरम किया जाता. हम बच्चों को पुराने कपड़े पहनाये जाते, और बाल्टियों में रंग घोल के रखा जाता. थाली भर भर गुलाल रखी जाती…..
और समय हो जाता होली-जुलूस निकलने का…हाथ ठेले पर रंग का बड़ा सा ड्रम और गुलाल. एक व्यक्ति ठेले पे खड़ा हो रंग उछालता, गुलाल उड़ाता और दूसरा ठेले को धकियाता इनके पीछे लोगों का हुजूम…सब रंगे-पुते. फिर जुलूस हर घर के बाहर रुकता , उस घर के पुरुष निकलते,जुलूस में शामिल हो जाते. महिलाएं मिठाई खिलातीं.
सब प्रसन्न. सब खुश. सबको त्यौहार का इंतज़ार.
अब देखती हूं, कि किसी त्यौहार का किसी को इंतज़ार ही नहीं होता. न पहले जैसी खुशी. बस एक छुट्टी मिलने की खुशी ही ज़्यादा समझ में आती है. पता नहीं ऐसा क्यों हो रहा जबकि हम सब तो वही हैं… लेकिन इतना पता है कि त्यौहारों में अब वो बात नहीं रही…
होली मुबारक़ हो आप सबको….  

शनिवार, 23 नवंबर 2013

कही न जाये, का कहिये.............


इन दिनों अखबारों की मुख्य खबरें  कोई भी बता सकता है.... कोई मुझसे पूछता है कि क्या है आज खास खबर? तो मैं आंख मूंद के बोल देती हूं- "मोदी केआरोप, राहुल गांधी के प्रत्यारोप, और कुछ बलात्कार... बस्स.
बहुत दिन हुए, इन खबरों के अलावा कुछ और रहता ही नहीं. मोदी और राहुल की खबरें तो केवल चुनावों तक ही हैं, लेकिन बलात्कार की खबरों ने जैसे स्थायी कॉलम बना लिया है अपना. तक़लीफ़ तब ज़्यादा होती है, जब इन खबरों को अंजाम देने वाला कोई समाज का ठेकेदार होता है. जो दम भरता है समाज को सही दिशा में ले जाने का....
पिछले कुछ दिनों में पहले तथाकथित बाबा, फिर बाबा का पूरा खानदान, फिर जज साहब, और अब लोगों का भांडा फोड़ने वाले तेजपाल.....पहला
लोगों को भक्ति के ज़रिये भगवान तक उंगली पकड़ के ले जाने वाला, दूसरा न्याय करने वाला, तीसरा न्याय दिलाने वाला... ये तीनों ही बलात्कारी निकल गये.... अब क्या हो? है कोई भरोसा करने लायक़?
हालात ये हैं, कि लोग अब अपने रिश्तेदारों तक पर भरोसा करने से डरने लगे हैं. क्या जाने कब किस की नीयत बदल जाये... वैसे भी इस समय
हवा कामुक हो रही.
कहां तो औरतों को आगे बढाने, अधिकार दिलाने की बातें हो रही थीं, कहां अब फिर उन्हें बताया जा रहा कि वे कभी भी बलात्कार की शिकार हो सकती हैं! आज फिर बेटियों को कहा जा रहा है कि वे अंधेरा होने से पहले घर लौट आयें... किसी के साथ अकेली न जायें.... औरत के आत्मविश्वास
को तोड़ने के लिये इस तरह की सलाहें ही काफ़ी हैं.....कैसे कहे कोई मां, अपनी बेटी से  कि  बेटा, तुम्हें डरने की जरूरत नहीं है.............
उधर बाबा के बेटे को पुलिस आज तक न पकड़ पाई... पता नहीं कहां तलाश रही..और क्यों उसकी लोकेशन उसके निकल जाने के बाद पता चलती है? अरबपति बाबा का बेटा शायद करोड़ों की खुश्बू से खोजी दस्ते
को बेहोश कर देता होगा..... पता चला है कि बेटा अब हैलीकॉप्टर से उड़ रहा और खोजी दस्ते शायद - "वो देख, चीलगाड़ी...." की तर्ज़ पे चीलगाड़ी देख-देख के खुश हो रहे. कोई आश्चर्य नहीं, अगर कुछ दिनों बाद शायद उसके हैलीकॉप्टर के क्रैश हो जाने की खबर आये, और कुछ सालों बाद वो फिर से किसी और नाम से कीर्तन करता दिखाई दे तो.... बचाने के बहुत तरीके हैं भाई... बस अगले को आप जो इत्र लगायें, वो करोड़ों का होना चाहिये...
उधर सबका न्याय करने वाले जज साहब को कौन दोषी ठहराये? सो मामला अधर में....
लोगों की पोल खोलने वाले तेजपाल की जब पोल खुली, तो महाशय जी प्रायश्चित करने निकल लिये.....उन्हें प्रायश्चित करने भी दिया जा रहा फिलहाल तो....
हद्द है











गुरुवार, 3 अक्टूबर 2013

चंद तस्वीरें................

सेवाग्राम रेल्वे स्टेशन, जहां पैर रखते ही मन गांधीवादी होने लगता है :) स्थान की महिमा है भाई... हां, स्टेशन बहुत साफ़-सुथरा है. लम्बा प्लेटफ़ॉर्म एकदम कचरारहित मिला मुझे तो. स्टेशन का नाम भी दीवार पर जिस कलात्मकता के साथ लिखा है, वो भी बहुत भाया मुझे. सेवाग्राम + वर्धा का  पूरा नक्शा बना है इस पर स्टोन कार्विंग के ज़रिये.
ये जो मोहतरमा आप को दिखाई दे रहीं हैं, इनका नाम वन्दना अवस्थी दुबे है. तस्वीर खिंचवाने कि लिहाज से एकदम नहीं खड़ी थीं ये, वो तो उनके श्रीमान जी उमेश दुबे की मेहरबानी है, जो वे खुद तस्वीर में तब्दील हो गयीं, इस वक्त :)

हबीब तनवीर सभागार पहुंचते ही जिनसे  आमना-सामना हुआ वे थे ललित शर्मा. एकदम लपक लिया उन्होंने. "वंदना जी नमस्कार करते हुए साथ ही "पहचाना मुझे?" का जुमला भी उछाल दिया... अब भला ललित जी को कौन न पहचान लेगा? खुशी तो मुझे ये हुई कि मैं पहचान ली गयी :) ललित जी के पीछे ही संजीव तिवारी भी प्रकट हुए और दीदी, पहचान लिया न मुझे? कुछ इस मासूमियत से पूछा, कि ऐसे में कौन न उन्हें पहचान लेगा? उनके साथ संध्या शर्मा भी थीं, खूब अच्छा लगा सबसे मिल के.



पहले सत्र के बाद बाहर निकले, तो परिचय की
 स्थिति अब और मजबूत हो गयी थी
डॉ. प्रवीण अरोड़ा से मिल के अच्छा लगा. 
प्रवीण पांडे तो हैं ही बहुत अच्छे, मासूम बच्चे से         और अविनाश जी? अब उनकी क्या कहें? खूब खुशदिल हैं, बस कभी-कभी अपनी तबियत से परेशान हो जाते हैं... भगवान उन्हें जल्दी स्वस्थ करें..
मंच पर बैठे लोगों को अब तमाम पोस्टों के बाद पहचानना मुश्किल नहीं है न?



यहां भी वही सब पहचाने लोग...कुछ को आप लोग भी तो पहचानने की कोशिश करें भाई...



हर्षवर्धन त्रिपाठी बेवाक व्यक्तित्व हैं. बहुत अच्छा लगा उनसे मिलना. सिद्धार्थ जी से मिलना तो अच्छा लगा ही :) अब फिर से मिलने का इन्तज़ार है.

शुक्रवार, 27 सितंबर 2013

वर्धा संगोष्ठी: दूसरा दिन

नहा-धो के तैयार हुए ही थे, कि पूरी मित्र मंडली घूम-घाम के लौट आई. झटपट नाश्ता हुआ, और सारे लोग एक बस और दो-तीन गाडियों में लद के हबीब तनवीर सभागार पहुंच गये.
सभागार के कॉरीडोर में सामने से ललित शर्मा जी आ रहे थे. एकदम सामने आ के खड़े हो गये, बोले- पहचाना मुझे वंदना जी? अब बोलिये, ललित जी को कौन न पहचान लेगा? उनके साथ ही नागपुर से तशरीफ़ लायीं संध्या शर्मा भी थीं. खूब खुशी हुई उनसे मिल के. खुशी इसलिये भी हुई, कि चलो, महिलाओं की संख्या में इज़ाफ़ा हुआ. वरना इतने लोगों में हम चार महिलाएं -शकुंतला शर्मा, शशि सोहन शर्मा, रचना त्रिपाठी और मैं ही दिखाई दे रहे थे. मनीषा पांडे सुबह छह बजे पहुंचने वाली थीं, लेकिन उनकी ऐन वक्त पर उनकी आंख लग गयी, और सेवाग्राम स्टेशन निकल गया... आगे किसी स्टेशन से वे वापस सेवाग्राम लौटीं और बारह बजे सभागार पहुंचीं.
यहां आज कार्यक्रम के दूसरे दिन के शेष तीन सत्र सम्पन्न होने थे. दूसरे दिन के पहले सत्र का विषय था-
 " हिंदी ब्लॉगिंग और साहित्य "  मुख्य वक्ता थे- डॉ. अरविंद मिश्र, अविनाश वाचस्पति, डॉ. अशोक मिश्र, डॉ. प्रवीण चोपड़ा, ललित शर्मा, शकुन्तला शर्मा,  और मैं खुद ( यानि वंदना अवस्थी दुबे) थे. इस सत्र के संचालन का ज़िम्मा  इष्टदेव सांकृत्यायन पर था, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया.
यह एक खुली चर्चा थी, जिसमें सभागार में मौजूद छात्र/छात्राएं अपने सवाल पूछ सकते थे. कोई जिज्ञासा सिर उठाए तो उसे शांत करवा सकते थे, लेकिन छात्रों की ओर से जिज्ञासाएं कम ही उठीं.
पहले वक्ता के रूप में बोलते हुए  मेरे भाईजी  डॉ. अरविंद मिश्र ने कहा कि - " ब्लॉगिंग एक विधा है, लिहाजा इसे साहित्य की तमाम विधाओं में शामिल कर एक नयी विधा के रूप में देखा जाये. उन्होंने कुछ लोगों के द्वारा लम्बी-लम्बी पोस्ट लिखने पर भी आपत्ति जताते हुए छोटी पोस्ट लिखने की सलाह दे डाली. ये अलग बात है, कि मिश्र जी द्वारा ब्लॉगिंग को विधा का दर्ज़ा देने की बात का ज़ोरदार विरोध हुआ. कुछ लोग संकोचवश ये कहते भी दिखाई दिये कि- " हां ब्लॉगिंग को  विधा माना जा सकता है,लेकिन इसमें समय लगेगा." हांलांकि ब्लॉग को विधा मानने की बात मेरे गले तो नहीं उतरी. "ब्लॉगिंग-विधा" पर जब जोरदार बहस छिड़ी थी, तभी दर्शक दीर्घा में बैठे हर्ष वर्धन त्रिपाठी ने उठ के सधे हुए शब्दों में ये कहते हुए कि ब्लॉग खुद को अभिव्यक्त करने का माध्यम मात्र है, लिहाजा इसे विधा नहीं माना जा सकता. जैसे अखबार खबरों को छापने का, टीवी कार्यक्रमों का ज़रिया मात्र हैं, वैसे ही ब्लॉग भी एक ज़रिया मात्र है. हर्ष जी के इस दो टूक सम्वाद को जोरदार तालियों का समर्थन मिला. दूसरे वक्ता अपने अविनाश वाचस्पति जी थे. वे अपने बोलने के प्रमुख बिंदु एक कागज़ पर नोट करके लाये थे, ताकि कोई भी महत्वपूर्ण मुद्दा रह न जाये! ठीक भी है. सब पता होना चाहिये कि क्या बोलना है. शुरु में तो अविनाश जी ब्लॉग को विधा मानने की बात पर सहमत होते से नज़र आये, लेकिन फिर बाद में उन्होंने खुद को इस मुद्दे से अलग कर लिया और ब्लॉग और साहित्य के बीच का रिश्ता बताने लगे. उन्होंने अपने ब्लॉगिंग के सफ़र के बारे में भी विस्तार से बताया.
अविनाश जी के बाद डॉ. अशोक मिश्र  ने अपने ब्लॉगिंग के लम्बे अनुभवों की चर्चा की. उन्होंने अखबारों  द्वारा अपनायी जा रही लेखक-रणनीति की भी चर्चा की कि किस तरह सम्पादक अपने पसंदीदा लेखकों को छापते हैं, और नये लेखक बहुत अच्छा लिखने के बाद भी नहीं छप पाते. अशोक जी कि इस बात का मैं तुरन्त खंडन करना चाहती थी, लेकिन दूसरे काम में व्यस्त होने के कारण नहीं कर पायी. उनकी ये बात मेरे गले नहीं उतरी. कारण, मैनेखुद बारह वर्षों तक उस समय के प्रदेश के एक प्रमुख समाचार पत्र में साहित्य सम्पादक का पद सम्हाला है, और पता नहीं कितने नये लेखकों को हर हफ़्ते छापा है, बिना किसी परिचय के. उनकी रचनाएं ही उनके प्रकाशन का कारण होती थीं. हो सकता है कि अब सम्पादकों में ऐसा पक्षपात का भाव ज़्यादा आ गया हो, या उस वक्त भी रहा होगा, लेकिन सबको एक साथ नहीं घसीटा जा सकता.
डॉ. प्रवीण चोपड़ा  ने अपने विज्ञान ब्लॉग के बारे में जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार उनके ब्लॉग से हिंदी में तमाम रोगों की जानकारियां नेट पर इकट्ठी हो रहीं.
मुम्बई से आये मनीष       ने बताया कि उन्होंने कितनी उपयोगी शैक्षिक सामग्री ब्लॉग के ज़रिये हिंदी में उपलब्ध करायी है, कि आज तमाम शोधार्थी उस सामग्री को  रिफ़रेंस के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने ये भी सलाह दी कि, जब भी कोई ब्लॉग या कोई विद्यार्थी किसी सामग्री का इस्तेमाल करे तो उसका लिंक जरूर दे.
दुर्ग से आई शकुन्तला शर्मा ने हिंदी साहित्य के रसों और ब्लॉग पर उपलब्ध रसों की बढिया तुलना की. जीवन के चार रसों की भी उन्होंने सुन्दर व्याख्या की. अपनी बात का अन्त उन्होंने स्वयं की एक छोटी सी कविता से की, जो इस संगोष्ठी के लिये उन्होंने खास तौर से लिखी थी. शकुन्तला जी के बाद ललित शर्मा जी ने ब्लॉग, उस पर लिखा जा रहा साहित्य और खुद की ब्लॉग यात्रा का ब्यौरा दिया.
इस सत्र का समापन मेरे मुखारविंद से हुआ.
दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को तमाम तकनीकी जानकारियां दी गयीं. विकीपीडिया, उसकी उपयोगिता, उसका सम्पादन जैसे तमाम गुर सिखाये गये.
तीसरे और समापन सत्र का संचालन सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी जी ने किया. इस सत्र  में मनीषा पांडे ने जेंडर की समस्या को उठाया. हालांकि ये प्रस्तावित विषय नहीं था. स्त्री-विमर्श का स्थान भी नहीं था, तब भी उन्होंने अपनी बात कही और सटीक तरीके से रखने की कोशिश की. उनका कहना था कि उन्हें यहां की छात्राओं से ये जान के बड़ा अचरज हो रहा है कि यहां हॉस्टल से दस बजे के बाद लड़कियां बाहर नहीं घूम सकतीं! .............. मुझे मनीषा जी के इस अचरज पर बेहद अचरज हुआ कि क्या वे इस देश की विषम परिस्थियों को नहीं जानतीं? दिन दहाड़े बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहे, तो रात दस बजे के बाद विश्वविद्यालय परिसर में कोई घटना घट जाये तो कौन ज़िम्मेदार होगा? अभिभावक उस वक्त नारी मुक्ति का नारा तो नहीं ही लगायेंगे, विश्वविद्यालय प्रबन्धन मुफ़्त में लापरवाह घोषित हो जायेगा......
कार्यक्रम के अन्त में कुलपति विभूति नारायण राय ने सार गर्भित भाषण दिया. सबसे महत्वपूर्ण घोषणा उन्होंने की ब्लॉग एग्रीगेटर बनाये जाने की, जिसकी मियाद पन्द्रह अक्टूबर २०१३ तय की गयी है.
तो इस सत्र के समापन के साथ ही हम सब गाड़ियों में लद के फिर नागार्जुन सराय के हो लिये......
( पिक्चर अभी बाकी है दोस्त..... )

सोमवार, 23 सितंबर 2013

अविस्मरणीय वर्धा-यात्रा.

आज सुबह वर्धा से लौटी. पिछले दो दिनों की अविस्मरणीय यादें साथ ले के.
एक महीने पहले ही वर्धा जाने का रिज़र्वेशन करवा लिया था, लेकिन लौटने का टिकट और जाने का भी, दोनों ही वेटिंग में थे. १९ को निकलना था और टिकट १८ की शाम तक कन्फ़र्म नहीं.... सिद्धार्थ जी को बताया तो बोले, आ जाइये यहां प्रवीण जी ( प्रवीण पांडे) इंतज़ाम करेंगे. मन अब भी संकोच में था. पहली बार प्रवीण जी मिलेंगे और हम अपना काम ले के हाज़िर हों... मामला कुछ जम नहीं रहा था.
इसी ऊहापोह में १९ की ट्रेन निकल गयी जो बडे सबेरे थी. मन बहुत उदास था. वादा करके मुकर जाने की तक़लीफ़ उससे कहीं ज़्यादा थी. दिन उदासी में बीता, शाम को अपनी क्लास में गयी. ठीक सात बजे वर्धा से फोन आया- " मैम, आपकी गाड़ी कहां पहुंची अभी? मैं गाड़ी ले के आ रहा हूं." अब तो घड़ों पानी पड़ गया मेरे ऊपर. किसी प्रकार कहा- " मैं कल पहुंच रही हूं." क्लास जल्दी छोड़ दी. नीचे आ के उमेश जी से कहा कि मैं कितना खराब महसूस कर रही हूं. उमेश जी जैसे दरियादिल इंसान तत्काल बोले- " कोई बात नहीं, हम सुबह निकलते हैं इटारसी तक, ट्रेन में बर्थ मिल जायेगी, अगर तुम हिम्मत कर सको, तो चलो."
मैं तो ठहरी जन्मजात हिम्मती... फटाफट कपड़े बैग में रक्खे, और सुबह का इंतज़ार शुरु.
अगले दिन राजेन्द्रनगर-कुर्ला एक्सप्रेस पकड़ी, टीसी ने एसी थ्री में बर्थ भी दे दी. अब और क्या चाहिये? आराम से इटारसी पहुंचे. वहां से सेवाग्राम के लिये ट्रेन पकड़नी थी. केरला एक्सप्रेस का समय था लेकिन उसके विलम्ब से आने की सूचना मिली, सो हम साढ़े ग्यारह बजे राप्ती-सागर एक्सप्रेस में चढ गये. यहां भी किस्मत साथ दे गयी और एसी में बर्थ मिल गयी :)
सुबह छह बजे की जगह हमारी ट्रेन साढ़े सात बजे सेवाग्राम पहुंची. सिद्धार्थ जी का फोन आया कि हम सब सेवाग्राम घूमने जा रहे हैं बस से, तो आप लोग भी स्टेशन से ही हमारे साथ हों लें, ताकि ज्यादा समय साथ में गुज़ार सकें. अन्दर रेसीव करने के लिये गाड़ी खड़ी थी, और स्टेशन के बाहर सिद्धार्थ जी बस लिये खड़े थे :) खैर हमने बस के दरवाज़े पर पहुंच के सबसे माफ़ी मांगी, देर से आने के लिये और अब साथ में सेवाग्राम न जा पाने के लिये भी. असल में दो दिन का भागमभाग सफ़र करके तुरन्त नहाने का मन कर रहा था. ब्रश-फ्रश कुछ न किया था, सो सीधे गेस्ट हाउस जाना ही ठीक लगा.
एकदम हरे-भरे रास्ते के बीच से गुज़र के हमारी गाड़ी विश्वविद्यालय पहुंची...हरियाली  देख के ही मन प्रसन्न हो गया. गेस्ट हाउस " नागार्जुन-सराय" देख के प्रसन्नता दोगुनी हो गयी. दरवाज़े पे पहुंचे तो वो हमें देख के अपनेई आप खुल गया. बेचारा! ज़बरदस्त कवायद कर रहा था, बार-बार खुलना-बन्द होना.... उमेश जी को उस पर तरस आने लगा था बाद में :) .
 209 नम्बर का कमरा हमारा इन्तज़ार कर  रहा था. शानदार कमरा, सभी सुविधाओं से युक्त. चाय पी के फटाफट नहाने घुसे . तैयार हो ही रहे थे कि नाश्ता लगने की खबर आ गयी. ( अब बाकी कल )
बाबा नागार्जुन की शानदार प्रतिमा लॉन के बीच में.

सिद्धार्थ जी, रचना त्रिपाठी और मैं.

डॉ. शशि शर्मा, मैं, सिद्धार्थ जी और कार्तिकेय मिश्र

सिद्धार्थ जी को देख के कोई भी कह देगा कि संयोजक वही हैं :)

ये है नागार्जुन सराय... जहां हम सब ठहरे.