सोमवार, 10 अक्टूबर 2011

कोई आहट, कोई हलचल हमें आवाज़ न दे......

आज जगजीत सिंह चले गये................
कितना अजीब लगता है ये सोचना भी कि अब उनकी कोई नयी ग़ज़ल हमें सुनाई नहीं देगी. वो आवाज़ जो लाखों-करोड़ों दिलों पर राज कर रही थी, अब खामोश हो गयी है.
अचानक ब्रेन हेमरेज़ होने और ऑपरेशन होने के बाद उनसे सम्बन्धित कोई खबर किसी भी न्यूज़ चैनल में नहीं आ रही थी. अखबारों में भी कोई खबर नहीं थी, तो लगा कि शायद अब उनकी हालत बेहतर हो रही होगी. ये तो कल्पना भी नहीं की थी हमने कि वे इस तरह चुपचाप, इतनी जल्दी चले जायेंगे! लगता है जैसे हमने उन्हें अभी ही तो सुनना शुरु किया था! इतनी ताज़गी थी उनकी आवाज़ में कि उन्हें गाते हुए ३४ साल हो गये, लगता ही नहीं था.
मैं बहुत छोटी तो नहीं लेकिन स्कूल में पढती थी तब उन्हें सुनना शुरु किया. मेरी दीदी " पहले तो अपने दिल की रज़ा जान जाइये..." गाती रहती थीं, और मैने तभी जाना कि ये किन्हीं जगजीत सिंह-चित्रा सिंह की गायी ग़ज़ल है. फिर कुछ दिनों बाद उनका रिकॉर्ड "अनफ़ोर्गेटेबल" देखा. उसके बाद तो जगजीत सिंह की ग़ज़लों के साथ ही जैसे बड़ी हुई. उन दिनों " सरकती जाये है रुख से नक़ाब आहिस्ता-आहिस्ता...." मेरी पसंदीदा ग़ज़ल होती थी.
कुछ और बड़ी हुई आकाशवाणी के युववाणी विभाग से जुड़ी तो मेरी हर ड्यूटी पर जगजीत जी की एक ग़ज़ल ज़रूर बजती थी. मेरे साथी कम्पेयरों ने कहना शुरु कर दिया था कि " आज जगजीत सिंह की ग़ज़ल बज रही थी तो हम जान गये कि आपकी ड्यूटी होगी, सो मिलने आ गये".
सन २००९ में जगजीत जी सतना के यूनिवर्सल केबिल्स लिमिटेड द्वारा आयोजित- " एक शाम-जगजीत सिंह के नाम" कार्यक्रम में आये थे. तब लगा जैसे बरसों पुरानी साध पूरी हो गयी हो. पूरे दिन शाम होने का इन्तज़ार करते रहे. मंच पर जगजीत जी आये तो आंखों पर भरोसा नहीं हो रहा था कि हम उन्हें देख रहे हैं...उन्होंने गाना शुरु किया तो कानों पर से विश्वास उठ गया कि वे सामने से उन्हें सुन रहे हैं. कार्यक्रम नौ बजे शुरु हुआ. कब बारह बज गये पता ही नहीं चला. खुद जगजीत जी ने हाथ जोड़ के आज्ञा मांगी तो लगा कि अरे! अभी तो प्रोग्राम शुरु हुआ था!
पता नहीं कितने दिनों तक जगजीत जी की पुरकशिश आवाज़ का खुमार दिल-दिमाग़ पर छाया रहा. उनकी आवाज़ है ही ऐसी, जो बहुत जल्दी लोगों से रिश्ता क़ायम कर लेती है. एक बार सुन लेने के बाद इस आवाज़ को भुला पाना मुश्किल है.
जगजीत सिंह जी अब हमारे बीच नहीं हैं, इस बात पर भरोसा करने को जी नहीं चाहता, लेकिन सुबह से लेकर अभी तक प्रसारित हो रहे समाचार बार-बार इस खबर की पुष्टि कर देते हैं, जैसे कह रहे हों कि अब भरोसा कर लो.
जगजीत जी अब नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज़ हमेशा ज़िन्दा रहेगी हमारे दिलों में, हमारे सुरों में.
अश्रुपूरित श्रद्धान्जलि.

सोमवार, 22 अगस्त 2011

बहुत खुशमिज़ाज़ थे परसाई जी...

22 अगस्त, यानि परसाई जी का जन्म-दिवस.
कल से कोशिश कर रही हूं, कि कुछ लिख लूं, लेकिन वही बहाना....... :)
अभी लिखने बैठी हूं, तो ज़रूरी था कि उस समय में लौटूं, जब परसाई जी से मेरी मुलाक़ात हुई थी ( वैसे पुराने दिनों में लौटने की तो मेरी आदत भी है. आगे की बजाय पीछे ज़्यादा देखती हूं. शायद इसलिये, कि बहुत अच्छे दिन पीछे छूट गये हैं वे दिन, जब मेरी मुलाक़ातें पता नहीं कितने नामचीन लेखकों, संगीत-साधकों से हुईं. मैं इन सारी मुलाक़ातों के लिये "देशबंधु" की आभारी हूं.
हालांकि परसाई जी से मेरी पहली मुलाक़ात देशबंधु के कारण नहीं हुई :)
१ अप्रैल १९८७-
मध्य प्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ की स्वर्ण-जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में तथा वरिष्ठ कवि श्री केदारनाथ अग्रवाल की ७५ वीं वर्षगांठ के अवसर पर जबलपुर इकाई ने दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया था. इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मुझे भी मिला. चूंकि उस समय नयी-नयी लेखक संघ में शामिल हुई थी, सो इन कार्यक्रमों के लिये अतिरिक्त उत्साह भी था. पर सबसे ज़्यादा उत्साह था केदार जी और परसाई जी से मिलने का. डॉ. कमलाप्रसाद ने पहले ही वादा किया था, कि यदि परसाई जी कार्यक्रम में नहीं आ सके तो हमें उनसे मिलवाने, परसाई जी के घर ले जाया जायेगा.
कार्यक्रम के दौरान में मनाती रही कि परसाई जी न आयें . उनके घर जाने का मौका मैं गंवाना नहीं चाहती थी. वैसे भी कार्यक्रम में औपचारिक मुलाक़ात होती. परसाई जी अपने नरम-गरम स्वास्थ्य के कारण नहीं आ सके. अगले दिन कमलाप्रसाद जी शाम का सत्र शुरु होने से पहले ही मुझे परसाई जी से मिलवाने ले गये. कितना अद्भुत था ये! डॉ. कमलाप्रसाद, हनुमान प्रसाद तिवारी, जो उस वक्त हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सचिव थे और मैं.
नेपियर टाउन स्थित अपने घर के बरामदे में परसाई जी तख्त पर अधलेटे, कुछ पढ रहे थे. जैसा मैने उन्हें तस्वीरों में देखा था, ठीक वैसे ही थे वे. सफ़ेद पजामा-कुरता, और पीछे को खींच के काढे हुए बाल. हम लोगों की आहट पा, ज़रा उठंग हुए, बड़े प्यार से पूछा-
" कौन? कमला? साथ में और कौन है?"
" देख लीजिये , आप से मिलने छतरपुर से ये बच्ची आई है."
मैने नमस्कार में हाथ जोड़ दिए ( उस वक्त शदी नहीं हुई थी, सो पैर छूने की आदत ही नहीं थी ) बाद में लगा कि मुझे पैर छूने चाहिये थे.
" क्या बात है! क्या बात है! आओ बेटा इधर निकल आओ"
उनकी किताबों और अखबारों के बीच में जगह बनाती मैं बैठ गई. मेरा नाम पढाई और शौक पूछने के बाद वे कमला जी से बातें करने में मशगूल हो गये. मैं सुनती रही. विश्वास नहीं हो रहा था कि मैं उनके सामने बैठी हूं.
कितना अद्भुत था ये! डॉ. कमलाप्रसाद, हनुमान प्रसाद तिवारी, जो उस वक्त हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सचिव थे और मैं.नेपियर टाउन स्थित अपने घर के बरामदे में परसाई जी तख्त पर अधलेटे, कुछ पढ रहे थे. जैसा मैने उन्हें तस्वीरों में देखा था, ठीक वैसे ही थे वे. सफ़ेद पजामा-कुरता, और पीछे को खींच के काढे हुए बाल.
" क्यों बेटू, तुमने मेरा लिखा क्या क्या पढा है?"
मैं अचकचा गई. सवाल अचानक ही पूछ लिया था उन्होंने.
" जी... भोलाराम का जीव, सदाचार का ताबीज़, काग-भगोड़ा.... और भी पढे हैं..." दिमाग़ से जैसे सब पढा हुआ हवा हो गया."
" अभी क्या कर रही हो?"
" पुरातत्व विज्ञान में एम.ए. ..."
बीच में ही कमला जी ने कमान हाथ में ली और बताने लगे कि मैं कितनी अच्छी (!) कहानियां लिखती हूं. परसाई जी प्रसन्न हो गये. तुरन्त बोले-
" जून माह में कहानी प्रतियोगिता हो रही है, तुम कहानी भेजना, वसुधा के लिये. तिवारी जी, मेरी तरफ़ से एक पत्र भी भिजवा देना वंदना के नाम"
लगभग डेढ घंटे हम साथ रहे. पता नहीं कितनी बातें होती रहीं. कितने किस्से सुना डाले उन्होंने. बहुत भरा-भरा सा मन ले के लौटी नौगांव.
परसाई जी का पत्र मिला, टाइप किया हुआ जिसमें कहानी भेजने का अनुरोध था. कहानी भेजी भी, लेकिन समय पर नहीं पहुंच सकी. कुछ दिनों बाद ही परसाई जी का एक पोस्ट-कार्ड मिला, जिसमें लिखा था-
" प्रिय वंदना,
कहानी समय पर न मिलने के कारण प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकी, लेकिन इसे मैं वसुधा के जून अंक में प्रकाशित कर रहा हूं.
सस्नेह "
आज बहुत ढूंढा, लेकिन पत्र मिला नहीं अलबत्ता वसुधा का वो अंक ज़रूर मिल गया, जिसमें परसाई जी ने मेरी कहानी छापी थी. शादी के बाद मैं सतना आ गई और बहुत जल्दी "देशबंधु" ज्वाइन भी कर लिया. उस वक्त परसाई जी "देशबंधु" के लिये " पूछिये परसाई से" कॉलम लिखते थे, और मेरे पास रविवारीय पृष्ठ भी था, सो जब-तब उनसे फोन पर बात होती थी. ये जानकर कि मैं वही वंदना हूं, जो उनसे मिलने आई थी, उन्हें पता नहीं कितनी खुशी हुई. बच्चों की तरह किलक के बोले-
" सुनो, मायाराम( मायाराम सुरजन) को बता देना ज़रा, कि तुम मेरी कितनी बड़ी प्रशंसक हो..." और ज़ोर से हंस दिए.
आज भी जब भी परसाई जी को याद करती हूं, तो उनकी वही उन्मुक्त हंसी कानों में गूंजने लगती है.
विनम्र श्रद्धान्जलि.

शुक्रवार, 19 अगस्त 2011

क्या है जनलोकपाल विधेयक?

देश में गहरी जड़ें जमा चुके भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जन लोकपाल बिल लाने की मांग करते हुए अन्ना हजारे ने मंगलवार को आमरण अनशन शुरू कर दिया। जंतर - मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता हजारे के समर्थन में जुटे हजारों लोगों की संख्या क्रमश: बढती जा रही है.।
कल लगभग पूरे देश के सभी शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बंद करवा दिए. सतना के स्कूल भी बंद हो गये ( वैसे अभाविप कार्यकर्ता बंद करवाने का काम बखूबी निभाते हैं).तमाम लोग अभी भी ऐसे हैं, जिन्हें लोकपाल या जनलोकपाल के बारे में पूरी तरह नहीं मालूम. कई तो ये भी नहीं जानते कि अन्ना के अनशन के मुख्य बिंदु हैं क्या? तो हमने सोचा कि क्यों न कई अखबारों की ये प्रामाणिक जानकारी हम सबके साथ साझा करें.
आइए जानते हैं जन लोकपाल बिल के बारे में... खासतौर से वे मुद्दे, जिन्हें लेकर अन्ना अनशनरत हैं-



१- इस कानून के तहत केंद्र में लोकपाल और राज्यों में लोकायुक्त का गठन होगा।



२- यह संस्था इलेक्शन कमिशन और सुप्रीम कोर्ट की तरह सरकार से स्वतंत्र होगी।



३- किसी भी मुकदमे की जांच एक साल के भीतर पूरी होगी। ट्रायल अगले एक साल में पूरा होगा।



४- भ्रष्ट नेता, अधिकारी या जज को 2 साल के भीतर जेल भेजा जाएगा।



५- भ्रष्टाचार की वजह से सरकार को जो नुकसान हुआ है अपराध साबित होने पर उसे दोषी से वसूला जाएगा।



६- अगर किसी नागरिक का काम तय समय में नहीं होता तो लोकपाल दोषी अफसर पर जुर्माना लगाएगा जो शिकायतकर्ता को मुआवजे के तौर पर मिलेगा।



७- लोकपाल के सदस्यों का चयन जज, नागरिक और संवैधानिक संस्थाएं मिलकर करेंगी। नेताओं का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।



८- लोकपाल/ लोक आयुक्तों का काम पूरी तरह पारदर्शी होगा। लोकपाल के किसी भी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत आने पर उसकी जांच 2 महीने में पूरी कर उसे बर्खास्त कर दिया जाएगा।



९- सीवीसी, विजिलेंस विभाग और सीबीआई के ऐंटि-करप्शन विभाग का लोकपाल में विलय हो जाएगा।

१०- लोकपाल को किसी जज, नेता या अफसर के खिलाफ जांच करने और मुकदमा चलाने के लिए पूरी शक्ति और व्यवस्था होगी।

जस्टिस संतोष हेगड़े, प्रशांत भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने यह बिल जनता के साथ विचार विमर्श के बाद तैयार किया है।

अब ज़रा सरकारी लोकपाल विधेयक और जनलोकपाल विधेयक के बीच का अन्तर भी जान लें-


सरकारी लोकपाल विधेयकजनलोकपाल विधेयक
सरकारी लोकपाल के पास भ्रष्टाचार के मामलों पर खुद या आम लोगों की शिकायत पर सीधे कार्रवाई शुरू करने का अधिकार नहीं होगा।प्रस्तावित जनलोकपाल बिल के तहत लोकपाल खुद किसी भी मामले की जाँच शुरू करने का अधिकार रखता है।
सरकारी विधेयक में लोकपाल केवल परामर्शदात्री संस्था बन कर रह जाएगी।जनलोकपाल सशक्त संस्था होगी।
सरकारी विधेयक में लोकपाल के पास पुलिस शक्ति नहीं होगी।जनलोकपाल न केवल प्राथमिकी दर्ज करा पाएगा बल्कि उसके पास पुलिस फोर्स भी होगी।
सरकारी विधेयक में लोकपाल का अधिकार क्षेत्र सांसद, मंत्री और प्रधानमंत्री तक सीमित रहेगा।जनलोकपाल के दायरे में प्रधानमत्री समेत नेता, अधिकारी, न्यायाधीश सभी आएँगे।
लोकपाल में तीन सदस्य होंगे जो सभी सेवानिवृत्त न्यायाधीश होंगे।जनलोकपाल में 10 सदस्य होंगे और इसका एक अध्यक्ष होगा। चार की कानूनी पृष्टभूमि होगी। बाक़ी का चयन किसी भी क्षेत्र से होगा।
सरकार द्वारा प्रस्तावित लोकपाल को नियुक्त करने वाली समिति में उपराष्ट्रपति। प्रधानमंत्री, दोनो सदनों के नेता, दोनों सदनों के विपक्ष के नेता, कानून और गृहमंत्री होंगे।प्रस्तावित जनलोकपाल बिल में न्यायिक क्षेत्र के लोग, मुख्य चुनाव आयुक्त, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक, भारतीय मूल के नोबेल और मैगासेसे पुरस्कार के विजेता चयन करेंगे।
सरकारी लोकपाल विधेयक में दोषी को छह से सात महीने की सजा हो सकती है और घोटाले के धन को वापिस लेने का कोई प्रावधान नहीं है।जनलोकपाल बिल में कम से कम पाँच साल और अधिकतम उम्र कैद की सजा हो सकती है। साथ ही दोषियों से घोटाले के धन की भरपाई का भी प्रावधान है।
Hindustan Times, Times of India, नवभारत टाइम्स से साभार.

रविवार, 7 अगस्त 2011

न लिखने का बहाना.....

लम्बा समय हुआ, कुछ लिखे हुए.
लिखने और न लिखने के बीच का अन्तराल जब लम्बा हो जाता है, तो कुछ भी लिखने की इच्छा ही खत्म हो जाती है.
कम से कम मेरे साथ ऐसा ही होता है. ढाई महीने से कुछ भी नहीं लिखा, तो अब लगता है , कि मेरे पास कुछ लिखने के लिये है ही नहीं. आज सोचा कुछ लिखूं, तो पता नहीं कब से बैठी हूं, की-बोर्ड पर हाथ धरे :(
आज मित्र-दिवस है, कई ब्लॉग्स पर इस दिन से जुड़ी अच्छी पोस्टें पढने को मिली. खुद भी सोचा, इसी पर लिखा जाये. लेकिन न! दिमाग़ ने मना कर दिया :(
बचपन के तमाम दोस्तों के चेहरे याद आये........लेकिन फिर सब गड्ड-मड्ड हो गये.
कॉलेज के तमाम दोस्त याद आये.... लेकिन कोई खास वाक़या याद नहीं आया :(
सामाजिक-राजनैतिक खबरें उछल-उछल के अपना चेहरा दिखाने लगीं, कि लो , मुझ पर लिखो, लेकिन दिमाग़ ने इन्कार में ही हिलते रहने की ठान ली थी, सो लगा कि इन सब मुद्दों पर बहुत लिखा जा चुका है, अब हम क्या नया लिख लेंगे?
विधु बहुत देर से ताड़ रही थी, कि मैं कम्प्यूटर भी घेरे हूं, और लिख भी नहीं रही, सो मेरी डायरी उठा लाई. बोली-" लो कोई कहानी ही टाइप कर के सेव कर दो" :)
डायरी उलट-पलट के देखी. कुछ टाइप करने का मन नहीं हुआ.
ऐसी उदासीनता तो कभी छाई ही नहीं मुझ पर!!
व्यस्तता का रोना नहीं रोया जा सकता. सब व्यस्त हैं, लेकिन लिख भी रहे हैं. ये तो मेरी अपनी ही कमी है :(
खैर.........
लिखती हूं जल्दी ही कोई संस्मरण :) :)
फिलहाल विदा, तब तक के लिये, जब तक कुछ लिखने का मन न बन जाये.
मित्रता-दिवस की अनंत शुभकामनाएं.

मंगलवार, 17 मई 2011

ठंडा मीठा बरियफ़.......

कल उमेश जी का ऑफ़िस से लौटते समय विधु के पास फोन आया-
"बेटू, कौन सी आइसक्रीम लानी है?"
" ऑरेंज बार"
"बस?"
"हां बस"
उमेश जी घर आये तो उनके हाथ में ऑरेंज बार का बड़ा सा डिब्बा था. आम महिलाओं की तरह मैने भी तुरन्त विपरीत प्रतिक्रिया ज़ाहिर कर
दी-
"अरे!!! इतनी सारी??"
"तो क्या हुआ? केवल साठ रुपये की ही तो हैं." उमेश जी मेरी चिन्ता भांप
गये थे, सो कीमत बता दी . आइसक्रीम खिलाने की ज़िम्मेदारी उमेश जी की है, इसलिये मुझे किसी भी तरह की आइसक्रीम की कीमत नहीं मालूम. जानने की कोशिश भी नहीं की . लेकिन आज हिसाब लगाया- साठ रुपये की बारह, मतलब पांच रुपये की एक!!! वाह! क्या बात है!! मुझे लगा एक मात्र यही आइसक्रीम है जो इतने कम दामों पर मिलती है.
आइसक्रीम से होते हुए फिर मेरा बचपन मेरे इर्द-गिर्द झांकने लगा.....
मुझे ठीक-ठीक याद
नहीं, लेकिन तब मैं बहुत छोटी थी और तीन पहिये वाली साइकिल चलाती थी. उस समय साइकिल पर बड़ा सा लकड़ी का बॉक्स बांधे, उसमें लाल-गुलाबी रंग के आइसक्रीम बार भरे आइस्क्रीम वाला आता था. दोपहर हुई नहीं, कि उसकी आवाज़ मोहल्ले में गूंजने लगती-
"ठंडा मीठा बरियफ़... मलाई वाला बरियफ़...(बरियफ़=बर्फ)"
हर घर की खिड़कियों के खुलने की आहट मिलने लगती. बच्चे चोरी-छिपे बाहर निकलते, अपनी पसंद की बरफ खरीदते, और दबे पाँव अन्दर. मुझे भी बहुत अच्छी लगती थी ये रंगीन बर्फ, कीमत भी केवल पांच पैसे. पंद्रह पैसे में मलाई वाली बरफ आती थी, जिसमें केवल ऊपर की तरफ थोड़ी सी मलाई लगी होती थी. एक और आइसक्रीम वाला आता था, जो कुल्फी बेचता था. ये भी जब पत्ते पर रख के कुल्फी काटता तो सब्र करना मुश्किल हो जाता . लगता, कितनी देर लगा रहा है, यहाँ लार टपकी जा रही...
स्कूल में जब हम थोड़ी बड़ी क्लास में आ गए, तो खर्चे के लिए रोज़ पच्चीस पैसे मिलने लगे. पच्चीस पैसे का मतलब समझ रहे हैं न आप? उस वक्त इतने पैसों में मैं बरफ, मूंगफली, बेर, गटागट, तिल-पापडी सब खरीद लेती थी. कई बार तो पैसे बच भी जाते थे . किसी दिन यदि पचास पैसे मिल गए, तब तो समझो राजा हो गए. समझ में ही नहीं आता था कि कहाँ खर्च करें इतना पैसा?
हाँ तो बात बरफ की हो रही थी...विषयांतर बहुत करती हूँ मैं, है न?
मेरी मम्मी को हम बहनों का बरफ खाना बिलकुल पसंद नहीं था. कुल्फी खाने पर आपत्ति नहीं थी उन्हें लेकिन उस बक्से वाले से बरफ लेकर खाना..... बरफ खाते हुए फंसती मैं ही थी. दीदियाँ तो फटाफट खा के ख़त्म कर देतीं थीं, मैं देर तक उस गुलाबी बरफ को चूस-चूस के सफ़ेद निकालने के चक्कर में धर ली जाती . मेरी मम्मी के समझाने
के तरीके बड़े अनोखे थे. एक दिन जब मैं चुपचाप बरफ खा रही थी, मम्मी ने देख लिया. कुछ बोलीं नहीं बस अन्दर गईं, थोडा सा नमक हाथ में लाईं और बोलीं-
" बेटा अपनी बरफ देना तो , देखो हम दिखाएँ कि इसके अन्दर कितने कीड़े होते हैं"
मैंने चुपचाप बरफ मम्मी को पकड़ा दी. उन्होंने बरफ ली, और उस पर नमक डाल दिया. थोड़ी ही देर में नमक ने बर्फ में तमाम छेद बना दिए. मुसकुरात हुए मम्मी ने मुझे देखा. मेरे मंह का पूरा जायका बिगड़ चुका था. लग रहा था जैसे तमाम कीड़े मेरे मुंह में बिलबिला रहे हैं...बड़ी देर तक कुल्ला करती रही.
उस दिन से लेकर आज तक मैंने फिर चूसने वाली बार टाइप आइसक्रीम नहीं खाई .
अब खाने की इच्छा भी नहीं होती. अभी देख रही हूँ, विधु बड़े स्वाद ले ले के ऑरेंज बार खा रही है..... नमक डाल दूँ क्या?

रविवार, 10 अप्रैल 2011

डॉ. कमलाप्रसाद: ऐसे कैसे चले गये आप?

25 मार्च 2011
सुबह आठ बजे दिल्ली से राजीव शुक्ल जी का फोन आया. आता ही रहता है, हम लोगों के हाल-चाल लेने के लिये, सो सहज भाव से फोन उठाया, और प्रसन्नचित्त ’ हैलो’ भेजा. उधर से राजीव जी ने कहा-
"वन्दना, एक बुरी खबर है, कमला जी नहीं रहे"
मोबाइल हाथ से छूटते-छूटते बचा.
" मैं अभी एम्स से ही आ रहा हूँ. सुबह छह बजे उन्होंने अन्तिम सांस ली."
अन्तिम सांस??? कमला जी अन्तिम सांस भी ले सकते थे क्या??
" उनका पार्थिव शरीर आज दिन भर अजय-भवन में दर्शनार्थ रखा जायेगा. शाम को विशेष विमान द्वारा भोपाल ले जाया जायेगा. सुबह भोपाल में ही अन्त्येष्टि होगी."
पार्थिव शरीर??? अन्त्येष्टि???
सारे शब्द गड्ड-मड्ड हो रहे थे.... दिमाग़ ने जैसे काम करना ही बन्द कर दिया. हां, कान अपना काम कर रहे थे, राजीव जी का एक-एक शब्द स्पष्ट सुनाई दे रहा था, लेकिन दिमाग़ में आते ही एक-दूसरे से उलझ रहे थे... हर शब्द के साथ कमला जी का चेहरा उभरता...
" मैंने कई जगह फोन कर दिये हैं, लेकिन तब भी लगता है बहुत लोग छूट गये हैं. रीवा-सतना में जो भी लोग हैं, उनको खबर दे दो. कोई भी काम बाद में करना, पहले ये खबर सब तक पहुंचाओ."
कमला जी की मृत्यु का समाचार मुझे देना होगा???
देना तो होगा ही.....
सबसे पहले हरीश धवन को फोन लगाया. मैं कुछ कहूं, उससे पहले ही हरीश ने मुझे रोक दिया.
"न, कुछ मत कहिए, खबर हो गई है."
" तब वहां, रीवा में सबको खबर देने की ज़िम्मेदारी तुम्हारी है हरीश"
सतना के कुछ लोगों को फोन किया, लेकिन हर बार लगा," कमला जी नहीं रहे", ये कहना कितना मुश्किल हो रहा है मेरे लिये... नहीं कर पाउंगी ये काम. फिर से हरीश को फोन किया, और कहा कि तुम्हीं बताओ सबको.
याद आ रहे थे कमला जी... डॉ. कमलाप्रसाद.
28 अप्रैल 1986......
तब मैं आकाशवाणी छतरपुर में युववाणी कम्पेयर थी. अप्रैल में ही छतरपुर से प्रकाशित पत्रिका’ मामुलिया" में मेरी कहानी प्रकाशित हुई, उसके ठीक बाद पत्रिका के सम्पादक श्री नर्मदाप्रसाद गुप्त का फोन आया-" मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन की ओर से चित्रकूट में दस दिवसीय कहानी रचना शिविर आयोजित किया जा रहा है, क्या आप इस शिविर में भाग लेना चाहेंगीं? ज़िले से दो कहानीकारों के नाम भेजे जाने हैं’ मैने अपनी अनुमति भेज दी.
उस समय राजीव कुमार शुक्ल जी युववाणी के कार्यक्रम अधिकारी थे, और प्रलेस-इप्टा में मेरे मित्र. मैने जब उन्हें शिविर के बारे में बताया तो बोले -" ज़रूर जाओ, वहां डॉ. कमलाप्रसाद से मुलाक़ात होगी, तुम्हें अच्छा लगेगा उनसे मिल के."
निर्धारित समय पर चित्रकूट पहुंची. प्रदेश भर के 80 युवा कहानीकार मौजूद थे. म.प्र. पर्यटन विभाग के होटल "यात्रिक" के सभागार में सब एकत्रित हुए, जहां यह शिविर आयोजित होने वाला था.
एक लम्बी-चौड़ी कद-काठी, सौम्य- सुदर्शन व्यक्तित्व ने सम्बोधित करना शुरु किया. स्पष्ट स्वर, साफ़ उच्चारण, और सम्मोहक शैली. आवाज़ बहुत बुलंद नहीं, लेकिन प्रभावी, अपना असर छोड़
ने वाली.
यही थे डॉ.कमलाप्रसाद.
सभा के ठीक बाद जब सब जाने लगे, तो उनकी आवाज़ गूंजी-
" छतरपुर से यदि वंदना अवस्थी यहां आ चुकी हों, तो कृपया मंच के पास आयें."
मैं मंत्रमुग्ध सी मंच के पास पहुंची.
"तुम हो वंदना? राजीव ने तुम्हारी बहुत तारीफ़ की है. अब तुम्हें उसकी तारीफ़ और यक़ीन का मान रखना है, जाओ खुश रहो, रात में खाने पर मिलते हैं, तब बात होगी."
मतलब राजीव जी ने मेरे बारे में कमला जी को बता दिया था. लगा ज़िम्मेदारी बढ गई अब तो.
अगले दिन से शिविर तीन सत्रों में शुरु हो गया. अनेक मूर्धन्य साहित्यकार, कहानीकार शिविर में थे. शशांक,
चित्रकूट रचना शिविर में डॉ. कमलाप्रसाद जी ने मेरी डायरी में लिखा-" अनुभव को दृष्टि मिल जाये, अध्ययन से उसे व्याप्ति दे सको और कहानी के कौशल को लगातार हासिल कर पाओ, तो तुम्हारी कहानियां बेजोड़ हो सकती हैं" ये पन्ना पहले मूल्यवान था, अब अमूल्य है.
शैवाल, स्वयंप्रकाश, अब्दुल बिस्मिल्लाह, अक्षय कुमार जैन, मायाराम सुरजन, और अन्तिम दिन डॉ. नामवर सिंह भी. लगभग सभी किसी न किसी सत्र में ग़ायब रहते थे, लेकिन कमलाप्रसाद जी? लंच के बाद फिर सभागार में आ जाते, और हम नौसिखियों की समस्याएं सुलझाते. आठ समूहों में हम सब को बांट दिया गया था, और एक कहानीकार हमारा लीडर बनाया गया था. हम अपने लीडर से उतनी बात नहीं करते थे, जितना खुल के कमला जी से करते थे.
शिविर समापन के दो दिन पहले नव कथाकारों की कहानियों का पाठ होना था, और श्रेष्ठ कहानी का चयन भी.
मैं लॉबी में अपनी कहानी ले के बैठी थी. अन्त कुछ जंच नहीं रहा था. मन ही नहीं भर रहा था मेरा. तभी कमला जी आये और मेरे पास बैठ गये. बोले- " क्या बात है? कहानी लिख ली? परेशान हो?"
मैने परेशानी बताई, तो पूरी कहानी एक सांस में पढ गये, बोले अन्त में नायिका जहां अपनी चोटी लपेटने लगी है, वहां उसे खुला लहराने दो. विरोध दर्शाने दो चोटी के रूप में."
अवाक देखती रह गई मैं. बस ऐसा ही कुछ तो चाहती थी मैं! कितनी आसानी से बता गये कमला जी! अगले दिन मेरी यही कहानी" हवा उद्दंड है" शिविर में सर्वश्रेष्ठ घोषित की गई.
30 अप्रैल 1986 में होने वाली यह मुलाक़ात बाद में नियमित होने लगी, कभी प्रगतिशील लेखक मंच की बैठकों में, तो कभी इप्टा के बहाने. बाद में सतना आ गयी, लेकिन सुयोग यह कि, उस वक्त कमला जी अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा में पदस्थ थे. उनका सान्निध्य और भी अधिक मिलने लगा.
मेरा और कमला जी का 25 वर्षीय स्नेहिल रिश्ता है. इस दौरान कितना कुछ घटा, कितना कुछ सीखा....बहुत सारी घटनायें हैं, यादें हैं, यहां तो बस उनसे पहली मुलाक़ात का ज़िक्र किया है, क्योंकि कमला जी के जाने के बाद बस उनसे हुई पहली मुलाक़ात ही याद आ रही है.... उनके वो शब्द याद आ रहे हैं, जो चित्रकूट में उन्होंने मेरी डायरी में लिखे...
ये अलग बात है कि मन अभी भी ये मानने को तैयार नहीं है, कि कमला जी नहीं हैं अब.... ऐसे नहीं जा सकते आप.

शुक्रवार, 8 अप्रैल 2011

जय हो................


अन्ना, हम तुम्हारे साथ हैं........

लिखते-लिखते-
जीते अन्ना-जीता देश......जय हो