राम रतन अवस्थी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राम रतन अवस्थी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 20 दिसंबर 2017

ज़मीन से जुड़ी कहानियों का संग्रह है- बातों वाली गली

पिता की नज़र में, पुत्री की पुस्तक-

हिन्दी भाषा साहित्य में अन्यान्य विधाओं का उद्भव कभी भी हुआ हो, किन्तु जहां तक कहानी विधा का सम्बन्ध है, इसका उद्भव तो साहित्य के जन्म से भी पुराना है. कदाचित, मानव-प्रजाति के जन्म के साथ ही कहानी का अवतरण हुआ है. पृथ्वी पर पदार्पण करने वाला शिशु मां की गोद से ही परिपुष्ट होकर जब बचपन की ओर अग्रसर होता है, तो मां ही उसे लोक-प्रचलित छोटी-छोटी कहानियां सुनाकर जीवन-पथ पर चल पड़ने के लिये तैयार करती है. सभ्यता के विकास के इसी क्रम में कहानी भी क्रमश: अपना कलेवर बदलती रही है. इसका यह विकसित स्वरूप आज कहां खड़ा है- सभी को इसका परिज्ञान है. यह कहना असंगत न होगा कि साहित्य की सभी विधाओं में लोकप्रियता की दृष्टि से आज कहानी सर्वोच्च आसन पर आसीन है. कहानी की चर्चा के इसी तारतम्य में वंदना अवस्थी दुबे कृत “बातों वाली गली” की चर्चा भी समीचीन है.
वन्दना का सद्य:प्रकाशित उक्त कहानी संग्रह- ’बातों वाली गली’ इस समय मेरे हाथों में है. पुस्तक के प्रथम अर्ध भाग पर अधुनातन शैली में सजा हुआ आकर्षक रंगीन चित्र है, तो शेष अर्ध भाग पर लेखिका के नाम सहित कहानी संग्रह का नाम-बातों वाली गली. सुधि पाठक भलीभांति जानते हैं कि कृति का नामकरण कितना महत्वपूर्ण काम है. शीर्षक को कृति की आत्मा कहा गया है. वन्दना के कहानी संग्रह के शीर्षक को कुछ यों परिभाषित किया जा सकता है कि वह गली या स्थान जहां मोहल्ले की प्राय: प्रौढ़ महिलाएं निरर्थक या अनर्थक बातें , यथा परनिंदा, चरित्र हनन, मनगढंत, सच्चे-झूठे किस्से और ईर्ष्या-द्वेष से पगी हुई कहानियां बड़े रसीले अन्दाज़ में पेश किया करती हैं. इस प्रकार गली के चरित्र को उजागर करता हुआ पुस्तक का यह शीर्षक वन्दना की परिपक्व दृष्टि और अधुनातन सोच को भी उजागर करता है. इस परिप्रेक्ष्य में पुस्तक का शीर्षक पूर्णत: उपयुक्त है.
साहित्यशास्त्रियों के अनुसार साहित्य की हर विधा के कुछ मूल तत्व होते हैं- सो कहानी के भी हैं- वे हैं :- शीर्षक, कथानक, सम्वाद, पात्र, चरित्र चित्रण, भाषा-शैली और उद्देश्य. एक अच्छे लेखक को अपनी रचना में इन्हें उपयुक्त स्थान देना चाहिये. किन्तु युग के प्रभाव से कोई भी अछूता नहीं. आज का युग बंधनविहीनता को प्राथमिकता देता है., सो कलाकार या साहित्यकार भी अपनी रचनाओं की सृष्टि करते समय प्राय: सम्बद्ध विधा के तत्वों के समावेश का खयाल नहीं- हां रचना में स्वत: उसका समावेश हो जाये , तो उसे ऐसा करने में कोई परहेज भी नहीं. जहां तक वन्दना का प्रश्न है- कहानी की रचना करते वक़्त भले ही उनकी दृष्टि उसके तत्वों की ओर न रही हो, किन्तु कोई भी विज्ञ पाठक उक्त तत्वों के समावेश को कहानियों में भली भांति देख-पढ़ सकता है. मैने वन्दना की सभी कहानियों को पूर्ण मनोयोग से पढ़ा है और पाया है कि प्राय: सभी कहानियों में उक्त तत्वों का सम्यकरूपेण समावेश हुआ है. कहानियों का कथानक लम्बा और उबाऊ न हो, सम्वाद या कथोपकथन लम्बे-लम्बे न हों, पात्रों के चरित्र चित्रण हेतु लेखकदृष्टि सजग हो और उद्देश्य स्पष्ट हो. इस दृष्टि से वन्दना को आप पूर्ण सजग पायेंगे. उन्होंने उक्त परिप्रेक्ष्य में पाठकों को शिक़ायत करने का कोई भी अवसर प्रदान नहीं किया है.
कहानी संग्रह ’बातों वाली गली में कुल बीस कहानियां संग्रहीत हैं. सर्वप्रथम कहानियों के कलेवर की बात की जाये तो आप पायेंगे कि वन्दना की बीस में से सत्रह कहानियों को तो लघुकाय कहानियों की संज्ञा दी जा सकती है. शेष अन्तिम तीन कहानियां ही ऐसी हैं जिन्हें दीर्घ कलेवर प्राप्त है. आज के युग की विशेषता है और आवश्यकता भी कि रचनाओं का कलेवर आकार-प्रकार की दृष्टि से छोटा होना चाहिये ताकि पाठक कम से कम समय में अधिक से अधिक पढ़ सके. वन्दना ने समय की इस नब्ज़ को भली प्रकार पहचाना है; एतदर्थ ही उन्होंने लघु आकार की रचनाएं लिखकर पाठक को कम से कम समय में अधिक से अधिक कहानियां पढ़ने का अवसर प्रदान किया है. पाठक-वर्ग ने इस हेतु लेखिका की सराहना भी की है. वन्दना की कहानियों की लोकप्रियता का एक महत्वपूर्ण कारण यह भी है.
आइये, थोड़ी सी चर्चा अब कहानियों के कथानकों की :- वैसे तो कहानी संग्रह में बीस कहानियां और हर कहानी का अपना अल्ग अलग कथानक है किन्तु संग्रह के समग्र कथ्य पर विचार करने पर हमें विदित होता है कि वन्दना की समस्त कहानियां मध्यमवर्गीय भारतीय समाज की दशा और दिशा पर आधारित हैं. यद्यपि लेखक की हर कहानी कल्पना प्रसूत होती है जिनमें यथार्थ से परे जाकर लिखने की भी सम्भावना विद्यमान रहती है किन्तु इस संग्रह में लेखिका ने सम्भाव्य को स्वीकार करते हुए प्राय: प्रत्येक कहानी में यथार्थ का चित्रण किया है. परिणामस्वरूप, पाठक को पढ़ते समय संग्रह की कहानी स्वयं अपनी कहानी प्रतीत होती है. इस स्थिति में पाठक कहानी के पात्रों से तादात्म्यावस्था स्थापित करने में सफल होते हैं. काव्य की चरम रसानुभूति यही है और यही रचना की सफलता भी है. वन्दना अपनी कहानियों में यह रसाभास कराने में सफल हैं.     
कहानी संग्रह का एक अन्य मुख्य बिन्दु है कथानक के लिये चयनित सामाजिक क्षेत्र. हमारे देश का समाज जीवन-यापन की दृष्टि से तीन स्तरों में विभाजित है- उच्च वर्ग, मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग. देश की अधिकांश जनता मध्यम वर्गीय जीवन जीती है. इस वर्ग के लोगों का रहन-सहन प्राय: ’हां’ और ’न’ के द्वन्द से आवृत्त रहता है. ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति थीक नहीं होते हुए भी उनके दैनन्दिन जीवन की आवश्यकताओं की किसी प्रकार पूर्ति होती रहती है. सुख-दुखमय जीवन-तराजू के ये दोनों पलड़े कभी ऊंचे और कभी नीचे आते-जाते रहते हैं. कहा जाता है-’साहित्य समाज का दर्पण होता है.’ अर्थात कथित समाज की वास्तविक तस्वीर वहां के साहित्य में देखी जा सकती है. जहां तक वन्दना की कहानियों का प्रश्न है – वे मध्यम वर्ग की अपनी ही जैसी कहानियां हैं. चंद म महिलाओं में ’ देख न सकहिं पराई विभूति’ का प्राकृतिक गुण होता है. वन्दना की लगभग आधी कहानियां इसी गुण से सम्पन्न महिलाओं का सूक्ष्म विश्लेषण करतीं हैं. ऐसी महिलाओं की मानसिकता का उन्होंने जीवन्त चित्रण  बड़ी स्वाभाविक शैली में किया है, उदाहरणार्थ- कहानी ’अलग-अलग दायरे, नीरा जाग गयी है, अहसास, दस्तक के बाद, करत-करत अभ्यास के, बड़ी हो गयी हैं ममता जी, और विरुद्ध आदि कहानियों को रखा जा सकता है.  कुछ कहानियां ऐसी भी हैं जिनमें महिला समाज की जागरूक और साहसी महिलाओं का चित्रण है- “प्रिया की डायरी”, “बातों वाली गली”, “नीरा जाग गयी है”, और सब जानती है शैव्या” इसी प्रकार की कहानियां हैं. इनके अतिरिक्त कुछ कहानियों में समाज के विविध रंग भी चित्रित किये हैं जैसे- “नहीं चाहिये आदि को कुछ” में बाल मनोविज्ञान का चित्रण है तो “अनिश्चितता में” दो भाइयों के जीवन स्तर की गाथा है. “हवा उद्दंड है” में वर्तमान युग की रुग्णता दर्शाई गयी है तो “बड़ी बाई साब” में सामंती प्रवृत्ति का चित्रण. इन सबके विपरीत “शिव बोल मेरी रसना घड़ी घड़ी” एक ऐसी कहानी है जो आस्था और धर्म के नाम पर ढोंगी बाबाओं के कलुषित चरित्र को न केवल उजागर करती है, बल्कि ऐसे ढोंगी महात्माओं से दूर रहने, सावधान करती है. राम रहीमों के उदाहरण आज भरे समाज, यत्र तत्र अपने आसन जमाये हुए हैं.
जहां तक कहानी संग्रह की भाषा शैली का सवाल है, इसकी भाषा बड़ी सहज और स्वाभाविक है जो पाठक के मन-मस्तिष्क में आसानी से उतरती चली जाती है. शब्दों की दुरूहता से दूर , इसमें यत्र तत्र कुछ विदेशी भाषा के शब्दों का प्रयोग किया गया है, लेकिन ये केवल इसलिये कि लेखिका की भाषा, जन सामान्य की भाषा बन सके. कहानी की शैली तो चित्ताकर्षक है ही- इसे सुधि पाठक बंधु स्वयं महसूस करेंगे. कहानी के अन्य तत्व यथा सम्वाद और उद्देश्य भी यथानुरूप देखने को मिलते हैं. हर कहानी का जिज्ञासापूर्ण अन्त उसके उद्देश्य-पूर्ति की घोषणा स्वत: कर देती है. कुल मिला के उक्त कहानी संग्रह में प्राय: सभी तत्वों का सम्यक रूपेण समावेश हुआ है. कहा जा सकता है कि “बातों वाली गली” आज के युग की दृष्टि से एक सफल कृति है जिसके लिये वन्दना साधुवाद की पात्र हैं.
                                       प्रकाशन की ड्रुष्टि से यह कहानी संग्रह “बातों वाली गली” वन्दना की यद्यपि पहली कृति है तथापि एक कथाकार और लेखिका के रूप में हिन्दी जगत में उनका स्थान वर्षों पूर्व से सुरक्षित है. उनकी कहानियां और आलेख विगत अनेक वर्षों से देश की प्रसिद्ध हिन्दी पत्र-पत्रिकाओं में समय-समय पर प्रकाशित होते रहे हैं. पत्रकार-जगत में भी उनकी अच्छी खासी पैठ है. देशबंधु के कार्यकाल में उन्होंने एक सक्षम पत्रकार के रूप में ख्याति अर्जित की है. समय-समय पर आयोजित होने वाली गोष्ठियों, सेमिनारों , साहित्यिक समारोहों में भी वे प्रतिष्ठित सहभागी के रूप में भाग लेती रही हैं. तमाम हस्तियों के साक्षात्कार भी उनके खाते में हैं.
वन्दना का यह प्रथम कहानी संग्रह”बातों वाली गली” अत्यल्प अवधि में ही बहुत लोकप्रिय सिद्ध हुआ हैसुधी पाठकों की समर्थ प्रतिक्रियाओं से यह भलीभांति स्पष्ट है. मुझे पूरा भरोसा है कि निकट भविष्य में यह संग्रह- “गली-गली की बात” बनने वाला है. ईश्वर करे, ऐसा ही हो. मेरी सद्भावना और आशीर्वाद.
राम रतन अवस्थी

                                   

बुधवार, 9 नवंबर 2016

पुराने कालखंड की नई कहानियां: प्रेम गली अति सांकरी

वे अस्सी बरस के हैं.  लेकिन लिख रहे हैं अनवरत. कोई सामान उठाते समय हाथों में कम्पन होता है, लेकिन कलम उठाते वक्त ये कम्पन थम जाता है. सुबह से शाम तक आप उन्हें लगातार लिखते/पढ़ते ही देखेंगे. मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के, हिन्दी साहित्य की दीर्घकालिक सेवा हेतु प्रदत्त प्रतिष्ठित सम्मान “तुलसी सम्मान” से नवाज़े गये श्री आर.आर. अवस्थी यदि इतना चुपचाप, स्वान्त: सुखाय लेखन न कर रहे होते तो कई प्रतिष्ठित सम्मानों के अधिकारी होते.
मैं बात कर रही हूं  मध्य प्रदेश के सुपरिचित कवि/नाटककार/कथाकार श्री रामरतन अवस्थी की. स्वान्त: सुखाय (गद्यगीत), पंछी पंखविहीन (कविता संग्रह), अलका (मेघदूत का छायानुवाद), युग सृष्टा कौटिल्य (नाटक(, कुणाल कथा (नाटक) के बाद  कहानी संग्रह प्रकाशित हुआ है- प्रेम गली अति सांकरी.
ये कहानी संग्रह कई मायनों में महत्वपूर्ण है. सबसे पहला महत्व तो ये कि इस संग्रह में संग्रहीत कहानियां उनके लेखन के शैशवकाल की हैं. पन्द्रह बरस की उम्र में लिखी गयी ये कहानियां सन १९५० से लेकर १९५२ के मध्य की हैं.
पुस्तक के ’आत्म कथ्य’ में अवस्थी जी लिखते हैं – “ शैशव जब बचपन की दहलीज़ पर कदम रखता है और सांसारिकता के ज्ञान का श्री गणेश , मां की गोद में लेटे लेटे ही वह जिस रूप में पाता है, वह “कहानी” का शैशव ही तो है. यही शैशव कदम दर कदम बढ़ते बढ़ते सम्पूर्णता को प्राप्त होकर आज साहित्यिक विधाओं के उच्चासन पर आसीन है, जिसे हम ’कहानी’ के नाम से जानते हैं.”
आत्म कथ्य में ही वे आगे विनीत भाव से लिखते हैं- “ अपने सुधि पाठकों से एक निवेदन कर दूं- इन कहानियों को पढने के पूर्व “कहानी सृजन काल”  के साथ आपको सामंजस्य स्थापित करना होगा. सन पचास-साठ  के दशक में कहानियों का स्वरूप कैसा था, प्रमुख रूप से कथ्य विषय किस प्रकार के हुआ करते थे, लेखन शैली कैसी थी बिम्ब विधान कैसा था आदि, कहानी की उपादेयता तभी सिद्ध  होगी. अस्तु अनुरोध है कि इन कहानियों को तत्कालीन सामाजिक परिवेश के परिप्रेक्ष्य में ही ग्रहण करने की अनुकम्पा करें.”
निश्चित रूप से एक पाठक का ये दायित्व भी है. सच्चा पाठक , किसी भी काल विशेष की रचना और उसकी शैली से बहुत जल्दी तादात्म्य स्थापित कर भी लेता है.  “प्रेम गली अति सांकरी” की कहानियों को पढते हुए पाठक जल्दी  ही उस काल खंड में पहुंच जाता है, जिस काल खंड की ये रचनाएं हैं.
इस कहानी संग्रह में कुल नौ कहानियां संग्रहीत हैं. सात कहानियां सन १९५०-५५  के बीच कीं, जबकि दो कहानियां  इस काल खं से लगभग दो दशक बाद की हैं.
पहली कहानी पुस्तक के शीर्षक वाली कथा है. कहानियों का मूल भाव ’प्रेम’ और इंसानियत  है. ये प्रेम भले ही अलग-अलग पारिवारिक/सामाजिक रिश्तों के बीच का ही क्यों न हो. इस कहानी का मूल आधार भी प्रेम है. प्रकृति वर्णन भी इन कहानियों की एक विशेषता  है, जो अवस्थी  जी के मूलत: कवि होने का परिचय देता है.  कहानी प्रेम गली अति सांकरी,  कर्म क्षेत्रे, एक प्राण, दो देह, इन तीनों कहानियों में किसी न किसी रूप में बैरागी पात्र आया है, सन्यासी या साधु के रूप में.  और ये तीनों सन्यासी जीवन से भाग कर सन्यासी बने. यानि उस काल विशेष में लोग जीवन से हार के आत्महत्या का दामन नहीं थामते थे, बल्कि उनकी जिजीविषा बनी रहती थी, और वे खुद को सकारात्मक ऊर्जा के हवाले कर देते थे. इन तीनों सन्यासियों में एक भी व्यभिचारी नहीं था. प्रेम गली अति सांकरी के सन्यासी ने तो नलिनी जैसी अनिंद्य सुन्दरी का प्रेम निवेदन कुशलता के साथ ठुकराया भी. यानी, उस काल विशेष में सन्यासी सचमुच सांसारिक जीवन से निस्पृह हो जाते थे. आज के सन्यासियों की तरह दोहरा चरित्र नहीं जीते थे. कर्म क्षेत्रे का सन्यासी, मुकेश को घर वापस जाने और अपने कार्य में दोबारा संलग्न होने की सकारात्मक प्रेरणा देता है, आज के तथाकथित सन्यासियों की तरह आश्रम में समर्पित होने के लिये बाध्य नहीं करता. एक तरह से जबरन मुकेश  अपने घर वापस भेजता है सन्यासी . तो उस समय के सन्यासियों पर अपने आप आस्था भाव जगाने का काम करती हैं ये कहानियां.
कहानी ’शहादत’ में हिन्दू-मुस्लिम एकता का स्वर मुखर हुआ है.  दोनों ही सम्प्रदायों के अच्छे और बुरे लोगों को सामने लाने में समर्थ है ये कहानी. विभाजन की विभीषिका उभर कर आई है इस कहानी में.
प्रेम हर काल में वर्जित रहा है ये साबित होता है कहानी “ एक प्राण दो देह “ से. आर्थिक रूप से विपन्न एक माली , सम्पन्न परिवार के युवक को इसलिये स्वीकार्य नहीं कर सका, क्योंकि वो उसकी बेटी को प्रेम करता था. उसी माली ने बेटी को ओगुनी उम्र के प्रौढ के साथ विवाह बंधन में बांधने से गुरेज नहीं किया. यानि प्रेम और लड़कियों की विवशता एक से स्तर पर थी, तब भी कमोवेश आज भी. काम और रिश्तों  के प्रति ईमानदारी, विश्वास और निष्ठा कितनी महत्वपूर्ण होती थी उस समय, ये ज़ाहिर होता है कहानी ’ आबरू’ से. अंग्रेज़ों ने शारीरिक स्तर पर भी कितना शोषण उस समय किया होगा, इस कहानी से एक झलक मिलती है, इस बात की.
संसार में चंद सच्चे इंसान हमेशा मौजूद रहे हैं और शायद इन्हीं सच्चे इंसानों की वजह से इंसानियत भी क़ायम रह सकी, इस बात को पुख्ता करती है कहानी “ सुखिया” . किस तरह भूख प्यास से व्याकुल, मां से बिछड़ा बच्चा एक धनी व्यापारी को मिलता है, और वो उसे किस प्रकार पढा-लिखा के न केवल डॉक्टर बनाता है, बल्कि उसकी सच्चाई भी ज़ाहिर करता है  ताकि ये सुयोग्य युवक अपनी परेशानहाल मां को खोज सके. इस कहानी को पढ के इंसानियत के प्रति मन श्रद्धा से झुक जाता है.  इसी प्रकार कहानी “अन्तर्वेदना” से भी इंसानियत का एक अलग ही रूप सामने आता है. उस काल विशेष में लोगों के भीतर कितना विश्वास था अपने कृत्य पर, और दूसरे इंसान पर भी. एक अजनबी युवक को पिटने से बचाते हुए पिता-पुत्री उसे न केवल  अपने घर ले आये, बल्कि उसकी चिकित्सा भी करवाई. इतना आत्मीय माहौल दिया कि युवक स्वस्थ हो गया. आज के परिवेश में घर लाना तो ऊर, लोग किसी पिटते हुए को बचाने की कोशिश भी नहीं करते.
कहानी “रिसते रिश्ते” अपेक्षाकृत बाद के समय की है सो इसका कथानक भी आज के परिवेश जैसा है. उस समय में रिश्तों में जितना सघन प्रेम था, जुड़ाव था, बाद की कहानी में यही प्रेम, जुड़ाव की सघनता छिन्न-भिन्न होती दिखाई देती है. इस कहानी में बेटी का महत्व भी सामने आता है.  बेटियों के मन में माता-पिता के लिये अधिक प्रेम, चिंता होती है, ये इस कहानी से सिद्ध होता है. सिद्ध ये भी होता है कि कुछ भाव हमेशा एक जैसे रहते हैं. बेटियों का मन तब भी मा बाप के लिये आकुल रहता था, आज भी रहता है. लेकिन अचरज ये कि यही बेटी जब बहू की भूमिका में होती है, तो कैसे पति के माता-पिता के लिये स्नेहरहित हो उठती है. एकल परिवार की परम्परा के आरम्भ की कहानी है ये. आखिरी कहानी है                                     
“राम दुलारे की शव यात्रा” ये कहानी एकदम अलग भाव से लिखी गयी है. तमाम लोगों में, बल्कि अधिसंख्य में ये जानने की तीव्र इच्छा होती है, कि उनकी मौत के बाद कौन कौन उसके लिये दुखी होगा? कौन खुश होगा? किस तरह की बातें लोग करेंगे उसके बारे में? ऐसी ही इच्छा की थी राम दुलारे ने जो नारद जी ने पूरी की और किस तरह के अनुभव राम दुलारे को हुए, ये आप खुद ही पढें, तभी ज़्यादा आनन्द है.
कुल मिला के “प्रेम गली अति सांकरी” एक अलग काल विशेष, भाषा विन्यास और शैली का कहानी संग्रह है, जो निश्चित रूप से पाठक को अपनी ओर आकर्षित करता है. कवर पृष्ठ बहुत शानदार है. ये पुस्तक शिवना प्रकाशन-सीहोर द्वारा प्रकाशित की गयी है, जिसका मूल्य- सौ रुपये मात्र है.
22 मई 1934 को उत्तर प्रदेश के गुढा ग्राम में जमे श्री राम रतन अवस्थी एक ऐसे सम्पन्न कृषक परिवार से हैं, जिसका व्यसन शिक्षण रहा. उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य प से सेवा निवृत्त होने के बाद  उन्होंने पूर्णकालिक लेखन को अपनाया. चित्रकला, संगीत और साहित्य के साथ साथ अभिनय में भी उनकी गहरी रुचि रही. मानसी, दशार्ण के स्वर, मयूर जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं का सम्पादन भी उन्होंने किया.  साहित्य जगत को वे इसी प्रकार अपनी सतत सेवाएं देते रहें, ऐसी मेरी कामना है. 
“प्रेम गली अति सांकरी” (कहानी संग्रह)
लेखक : रामरतन अवस्थी
प्रकाशक : शिवना प्रकाशन
पी.सी लैब, सम्राट कॉम्प्लैक्स बेसमेंट
बस स्टैंड, सीहोर- 466001 (म.प्र.)
मूल्य : 100 रुपये मात्र
ISBN : 978-93-81520-23-9