भारत के कई हिस्सों में बेटी के विवाह के समय एक कुप्रथा प्रचलित है, वर-पक्ष के प्रत्येक सदस्य के वधु के पिता द्वारा चरण-स्पर्श. मैं बुन्देलखंड की हूं और वहां ये प्रथा चलन में है. जब भी ऐसा दृश्य देखती हूं मन अवसाद-ग्रस्त हो जाता है. पिछले दिनों मेरी परम मित्र इस्मत ज़ैदी भी एक शादी में गयीं और इस रस्म से दो-चार हुईं. पढिये उनकी व्यथा, उन्हीं की क़लम से-
कब जागेंगे युवा?????
सारे मौसमों की तरह शादियों का भी एक मौसम होता है और उन दिनों घरों में निमंत्रण पत्रों की बहार सी आ जाती है , हमारे यहाँ भी ऐसा ही होता है ,पिछले कुछ दिनों में शादियों के कई निमंत्रण आए लेकिन सब से आवश्यक निमंत्रण था सौम्या का था,बहुत प्यारी सी बिटिया

जिस से हमारी मुलाक़ात ६-७ वर्ष पूर्व हुई थी पहली ही मुलाक़ात में उस ने हमें प्रभावित किया लेकिन कुछ व्यस्तताओं के कारण हमारी मुलाक़ात फ़ोन तक ही सीमित हो कर रह गई थीं I उस दिन उस की शादी का कार्ड मिला तो एक ख़ुशी का एहसास हुआ कि बिटिया इतनी बड़ी हो गई I
ख़ैर शादी के कई दिन पूर्व ही पतिदेव द्वारा मुझे समय पर तैयार रहने का आदेश दे दिया गया था और मैंने भी आज्ञा का पालन बड़ी तत्परता से किया तथा निश्चित समय पर हम विवाह स्थल पर पहुँच गए I थोड़ी देर पश्चात जयमाल की रस्म संपन्न हुई और दुल्हन अपने दूल्हा के साथ वहीं मंच पर वर-वधु के लिये लगी
कुर्सियों पर विराजमान हो गई I मन अत्यंत प्रसन्न था कि बिटिया को उस का जीवन साथी मिल गया ,दुल्हन की सुंदरता को निहारते -निहारते मेरी दृष्टि जिस दृश्य पर अटक कर रह गई उस ने मुझे अवसादग्रस्त और क्षुब्ध कर दिया ,लड़की के पिता अपने दामाद के पैर धुला रहे थे ,इतना ही नहीं वह वृद्ध सज्जन सभी बारातियों के पैर छू रहे थे , बिना छोटे -बड़े का अंतर किये हुए और उसके बाद लगातार उन के समक्ष हाथ जोड़ कर खड़े रहे .उन के चेहरे पर फैली निरीहता ने मुझे झिंझोड़ कर रख दिया ,,,, माना कि उन्होंने आदर-सत्कार ,आवभगत ,आतिथ्य आदि को ध्यान में रखकर पैर छुए होंगे तो क्या उस समय ये दूल्हे और बारातियों का कर्तव्य नहीं था कि वे उन्हें पैर छूने से रोकते और ससम्मान गले लगा लेते ? यदि यहाँ पर दामाद और उस के घर वाले अतिथि थे तो उन के घर पर वधु के घर वाले भी तो अतिथि ही होंगे ,तो क्या उस समय लड़के के पिता अपने समधी का पैर छुएंगे ?? नहीं न ,तो फिर एक लड़की का पिता इतना निरीह क्यों हो जाए ??
मैं सोचने लगी कि जिस दृश्य को देखकर मुझे इतनी पीड़ा हो रही है उसे देखकर दुल्हन और उस की माँ पर क्या बीत रही होगी ?हाथ जोड़े , मस्तक झुकाए हुए वो पिता एक अपराधी की तरह क्यों खड़ा रहे जबकि अपने जीवन की अमूल्य निधि वह दूल्हे और उस के परिवार को सौंप रहा है ,वह अपने घर का उजाला उन के घर में रौशनी फैलाने के लिये भेज रहा है ?
मन में अंतर्द्वंद सा चल रहा था कि हमारा समाज तो अब बदल रहा है ,जहाँ लड़कियाँ सारे काम कर रही हैं यहाँ तक कि माता-पिता को मुखाग्नि देने तक का अधिकार भी उन्हें प्राप्त है तो वहाँ ये सब आख़िर कब तक चलेगा ?
मुझे मालूम है कि ये विषय नया नहीं है लेकिन मेरी व्यथा ने मुझे लिखने के लिये विवश कर दिया ,,,,इस कुप्रथा का अंत करने के लिये किसी राजा राम मोहन रॉय का इंतेज़ार करने के स्थान पर हमारे युवाओं को आगे आना होगा I जब वे अपने पिता समान श्वसुर को भी वही आदर-सम्मान देंगे जो अपने पिता को देते हैं तो इस समस्या का समाधान स्वयं ही निकल आएगा .ये बात पूरे युवा वर्ग के लिये कही गई है चाहे वो लड़का हो या लड़की,,,,और जिस दिन युवा वर्ग ने ये झंडा अपने हाथों में उठा लिया उस दिन इस कुप्रथा का अंत निश्चित है I